विधायक गुरु खुशवंत साहेब के काफिले पर हमला, गाड़ी पर पथराव, बाल-बाल बचे विधायक

बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले से एक बड़ी और चिंताजनक खबर सामने आई है। सतनामी समाज के प्रमुख गुरु एवं आरंग से विधायक गुरु खुशवंत साहेब के काफिले पर कुछ असामाजिक तत्वों ने हमला कर दिया। घटना उस वक्त हुई जब वे नवागढ़ में एक सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होकर रायपुर लौट रहे थे। बेमेतरा से रायपुर बायपास के रास्ते भोईनाभांठा के पास अचानक उनकी कार पर जोरदार पत्थरबाजी की गई।

इस हमले में विधायक की गाड़ी के आगे का शीशा पूरी तरह चकनाचूर हो गया, हालांकि राहत की बात ये रही कि गुरु खुशवंत साहेब पूरी तरह सुरक्षित हैं।

घटना के बाद पहुंची पुलिस, जांच जारी
जैसे ही पथराव की घटना हुई, विधायक के निजी स्टाफ ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस दल मौके पर पहुंचा और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी गई है। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि हमलावर कौन थे और उन्होंने यह हमला क्यों किया।

विधायक पहुंचे बेमेतरा विधायक दीपेश साहू के निवास पर
घटना के बाद विधायक खुशवंत साहेब नजदीकी स्थान पर स्थित बेमेतरा विधायक दीपेश साहू के निवास पर पहुंचे। यहां वे बेमेतरा एसपी रामकृष्ण साहू से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दे रहे हैं।

सतनामी समाज में आक्रोश, इलाके में फैली सनसनी
विधायक पर हुए हमले के बाद सतनामी समाज में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। समाज के लोग इस हमले को समुदाय पर सीधा हमला मान रहे हैं और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। वहीं इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है।

जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस हमले ने छत्तीसगढ़ में जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। खुलेआम एक विधायक की गाड़ी पर हमला होना राज्य की कानून व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर प्रश्नचिन्ह लगाता है।

पुलिस ने कहा – जल्द सामने आएंगे आरोपी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों की पहचान की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का दावा भी किया जा रहा है।

 

Youthwings