कांग्रेस का चक्काजाम: खाद की कमी और भ्रष्टाचार को लेकर भाजपा पर जमकर बरसे विधायक

मोहला। किसानों को खाद नहीं मिलने और सड़क-पुल निर्माण में भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुधवार को मोहला में जोरदार प्रदर्शन करते हुए स्टेट हाइवे पर चक्काजाम किया। इस दौरान विधायक इंद्रशाह मंडावी ने भाजपा नेताओं पर तीखी टिप्पणियां करते हुए कहा कि “इन नेताओं को जनता की चिंता नहीं है, इन्हें सिर्फ सोशल मीडिया पर रील बनाने और हीरो-हीरोइन बनने से मतलब है।”

“किसान मर रहे हैं और भाजपा डांस कर रही है”

विधायक मंडावी ने खासतौर पर भाजपा के मैनपाट में चल रहे प्रशिक्षण शिविर को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “इधर किसान खाद के लिए परेशान हैं, खेतों में बीज डालने की तारीख निकल रही है और उधर भाजपा के नेता मैनपाट में डांस कर रहे हैं।” उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर अगले 15 दिनों में किसानों को खाद उपलब्ध नहीं कराया गया, तो एक बार फिर सड़क पर उतरकर आंदोलन किया जाएगा, भले ही पुलिस उन्हें गिरफ्तार क्यों न कर ले।

एक घंटे से अधिक समय तक चक्काजाम, प्रशासन को सौंपा ज्ञापन

प्रदर्शनकारियों ने करीब एक से डेढ़ घंटे तक मोहला के स्टेट हाइवे पर चक्काजाम किया, जिससे यातायात भी प्रभावित हुआ। बाद में प्रदर्शनकारियों ने तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर प्रदर्शन समाप्त किया। ज्ञापन में उन्होंने सड़क-पुल निर्माण में हो रहे भ्रष्टाचार की जांच और खाद-बीज की पर्याप्त आपूर्ति की मांग की।

भाजपा नेताओं पर सीधा हमला

विधायक इंद्रशाह मंडावी ने भाजपा नेत्री भावना बोहरा का नाम लेते हुए कहा, “चाहे भावना बोहरा हो या कोई और, इन नेताओं को किसानों की कोई फिक्र नहीं। ये लोग सोशल मीडिया की राजनीति कर रहे हैं, जबकि गांवों में हालात बेहद खराब हैं।”

कांग्रेस का सरकार को अल्टीमेटम

कांग्रेस ने स्पष्ट कहा है कि यदि किसानों की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया, तो यह आंदोलन और उग्र रूप ले सकता है। विधायक मंडावी ने चेतावनी देते हुए कहा, “हम अब चुप नहीं बैठने वाले, किसानों का हक मिलकर रहेगा।”

जनता में नाराजगी, चुनावी असर की संभावना

स्थानीय जनता का भी कहना है कि इस बार खेतों में खाद-बीज समय पर नहीं मिलने से फसल प्रभावित हो सकती है। ऐसे में सरकार को जल्द से जल्द इस पर कार्रवाई करनी चाहिए, नहीं तो इसका असर आगामी चुनावों पर साफ दिखाई देगा।

Youthwings