प्री-मॉनसून की दस्तक: उत्तर भारत में आंधी-बारिश का कहर, हिमालयी राज्यों में बर्फबारी, कई इलाकों में अलर्ट जारी

नई दिल्ली। उत्तर भारत में प्री-मॉनसून की दस्तक साफ नजर आने लगी है। पिछले दो से तीन दिनों से दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने दिल्ली, नोएडा, गुड़गांव, फरीदाबाद और मथुरा जैसे इलाकों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।

वहीं उत्तर-पश्चिमी और उत्तर-पूर्वी दिल्ली, गाजियाबाद, मेरठ, करनाल, पानीपत, हिसार, जींद और बिजनौर में येलो अलर्ट घोषित किया गया है। यहां हल्की बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं।

देश के अन्य हिस्सों में भी मौसम ने ली करवट:

देश के आधे हिस्से में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल चुका है। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, गुजरात, असम, अरुणाचल प्रदेश सहित कई राज्यों में झमाझम बारिश हो रही है। कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी दर्ज की गई है।

छत्तीसगढ़ में बढ़ेगा तापमान:

इधर, छत्तीसगढ़ में आगामी बुधवार से तापमान में बढ़ोतरी का अनुमान जताया गया है। हालांकि, देश के अन्य हिस्सों में अभी कुछ दिन तक प्री-मॉनसून गतिविधियों के बने रहने की संभावना है।

हिमाचल और उत्तराखंड में बर्फबारी और भारी बारिश:

हिमाचल प्रदेश के शिमला, कुल्लू, रामपुर, सोलन, मंडी और सिरमौर जिलों में ओलावृष्टि और तेज बारिश रिकॉर्ड की गई है। लाहौल-स्पीति की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी हुई है, जिससे तापमान में 4 से 6.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है।

उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने सभी जिलाधिकारियों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। मौसम विभाग के अनुसार, आगामी तीन दिनों तक राज्य में भारी बारिश, ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है।

यूपी और एमपी में भी तेज बारिश का सिलसिला जारी:

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद सहित कई जिलों में भारी बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है। सोमवार को मुरादाबाद शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। मौसम विभाग ने आगे भी बारिश जारी रहने की चेतावनी दी है। मध्य प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव देखने को मिल रहा है। ग्वालियर सहित प्रदेश के कई हिस्सों में सोमवार को तेज हवाओं के साथ बारिश हुई।

Youthwings