Met Gala 2025 में बॉलीवुड सितारों का जलवा, पहली बार शामिल हुए शाहरुख खान, दिलजीत और कियारा ने भी बटोरा ध्यान
Met Gala 2025
Met Gala 2025: फैशन की दुनिया का सबसे प्रतिष्ठित इवेंट माने जाने वाला मेट गाला 2025 न्यूयॉर्क के मेट्रोपॉलिटन म्यूजियम ऑफ आर्ट में भव्य अंदाज में आयोजित हुआ। इसे ‘फैशन का ऑस्कर’ कहा जाता है और इस बार भारत से कई सितारों ने रेड कारपेट पर अपनी चमक बिखेरी। खास बात यह रही कि इस बार बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान ने मेट गाला में पहली बार शिरकत की, जिनका लुक और अंदाज चर्चा का विषय बन गया।
पहली बार मेट गाला में नजर आए शाहरुख खान
शाहरुख खान ने मेट गाला की थीम ‘सुपरफाइन: टेलरिंग ब्लैक स्टाइल’ के अनुरूप मशहूर डिजाइनर सब्यसाची के तैयार किए गए काले सूट में एंट्री की। उनके लुक को एसआरके और के अक्षरों वाली दो जड़ाऊ हार, चार अंगूठियां, एक गोल्डन घड़ी और छड़ी ने और खास बना दिया। काले चश्मे और खुले हाथों से दिए पोज ने उनके सुपरस्टार स्टेटस को फिर से साबित कर दिया। उनके साथ डिजाइनर सब्यसाची भी सफेद पोशाक में दिखाई दिए।

प्रियंका चोपड़ा और निक जोनास की क्लासिक जोड़ी
प्रियंका चोपड़ा जोनास अपने पति निक जोनास के साथ मेट गाला में एक बार फिर नजर आईं। प्रियंका ने इस साल बालमैन द्वारा डिजाइन किए गए पोल्का डॉट सूट ड्रेस में रेड कारपेट पर क्लासिक हॉलीवुड स्टाइल दिखाया। वहीं निक जोनास ने भी उनके साथ मेल खाते टेलर्ड सूट में शिरकत की। यह प्रियंका की मेट गाला में पांचवीं उपस्थिति थी, जबकि यह जोड़ी पहली बार 2017 में एक साथ मेट गाला में दिखी थी।

पहली बार मेट गाला में दिखीं कियारा आडवाणी
बॉलीवुड अभिनेत्री कियारा आडवाणी ने इस इवेंट में पहली बार भाग लिया। भारतीय डिजाइनर गौरव गुप्ता द्वारा डिजाइन किए गए ‘ब्रेवहार्ट लुक’ में कियारा बेहद खूबसूरत नजर आईं। खास बात यह रही कि वह बेबी बंप फ्लॉन्ट करती दिखीं, जिससे उनकी उपस्थिति और भी खास बन गई।


पंजाबी महाराजा बनकर छाए दिलजीत दोसांझ
दिलजीत दोसांझ ने मेट गाला में पहली बार भाग लेते हुए पूरी दुनिया के सामने पंजाबी संस्कृति की झलक पेश की। उन्होंने प्रबल गुरुंग द्वारा डिजाइन किए गए महाराजा लुक में अचकन, पायजामा और पारंपरिक पगड़ी पहनी। उनके पहनावे में पंजाब के नक्शे, चिन्ह और गुरमुखी में लिखे शब्द थे। स्टाइलिस्ट अभिलाषा देवनानी ने तलवार और गहनों के साथ इस लुक को और भी शानदार बनाया।

ईशा अंबानी का रॉयल लुक
ईशा अंबानी ने मेट गाला 2025 में पांचवीं बार शिरकत की। अनामिका खन्ना द्वारा डिजाइन की गई उनकी पोशाक काले, सफेद और सुनहरे रंगों की थी, जिसमें अफ्रीकी परंपरा और वैश्विक कारीगरी की झलक थी। इस पोशाक को तैयार करने में 20,000 घंटे लगे और इसमें अंबानी परिवार के निजी संग्रह के रत्न, मोती और कीमती पत्थर शामिल थे। हीरे और मोतियों के भारी गहनों ने उनके लुक को रॉयल टच दिया।


नताशा पूनावाला का अनोखा फैशन
नताशा पूनावाला ने इस बार भी अपनी अलग पहचान कायम रखी। उन्होंने मनीष मल्होत्रा के डिजाइन किए हुए खास गाउन में शिरकत की। इस गाउन में विशाल फूल जैसा कॉलर और पारसी परंपरा की दुर्लभ ‘गारा कढ़ाई’ की झलक थी। मनीष मल्होत्रा ने उन्हें ‘भारतीय फैशन की रानी’ बताते हुए उनके जोखिम भरे लेकिन प्रभावशाली स्टाइल की सराहना की।
मेट गाला 2025 में भारतीय सितारों ने न सिर्फ अपनी मौजूदगी दर्ज कराई बल्कि अपनी संस्कृति और फैशन स्टाइल से वैश्विक मंच पर छा गए। इस ऐतिहासिक समारोह में बॉलीवुड का जलवा देखते ही बना।


