CG Breaking News: रिश्वत लेते पटवारी रंगे हाथ गिरफ्तार, ACB की बड़ी कार्रवाई

रायपुर। छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ एक और सख्त कदम उठाते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई की है। रायपुर जिले के अभनपुर ब्लॉक में पदस्थ पटवारी पुष्पेंद्र गजपाल को 5,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई एसीबी ने एक योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दी।

नामांतरण के बदले मांगी रिश्वत

मामला अभनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम गोतियारडीह का है। यहां के निवासी जयवर्धन बघेल, जो कि अभनपुर युवा कांग्रेस के विधानसभा अध्यक्ष भी हैं, ने ACB में शिकायत दर्ज कराई थी। जयवर्धन बघेल ने हाल ही में एक जमीन खरीदी थी, जिसके नामांतरण की प्रक्रिया के दौरान पटवारी पुष्पेंद्र गजपाल ने उनसे 5,000 रुपये की रिश्वत की मांग की थी।

ACB ने रची पूरी रणनीति

शिकायत मिलते ही ACB ने तुरंत एक्शन लिया और पूरी योजना के तहत जाल बिछाया। जैसे ही जयवर्धन ने पटवारी को रिश्वत की रकम सौंपी, ACB की टीम मौके पर पहुंच गई और पुष्पेंद्र गजपाल को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।

हिरासत में लेकर चल रही पूछताछ

फिलहाल ACB की टीम ने आरोपी पटवारी को हिरासत में ले लिया है और पूछताछ जारी है। इस कार्रवाई के बाद पूरे राजस्व विभाग में हड़कंप मच गया है। ACB यह पता लगाने में जुटी है कि क्या इस मामले में और कोई अधिकारी या कर्मचारी शामिल है।

भ्रष्टाचार के खिलाफ ACB का सख्त रुख

ACB की इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ एक मजबूत संदेश के तौर पर देखा जा रहा है। लगातार शिकायतों और भ्रष्टाचार के बढ़ते मामलों को देखते हुए ACB ने प्रदेशभर में निगरानी और कार्रवाई तेज कर दी है।

छत्तीसगढ़ में इस तरह की त्वरित कार्रवाइयों से एक बार फिर साबित हुआ है कि सरकार और संबंधित एजेंसियां भ्रष्टाचार के मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही हैं।

Youthwings