स्कूल में प्रधान पाठक का घिनौना कृत्य : महिला वॉशरूम में मोबाइल छिपाकर करता था रिकॉर्डिंग, FIR के बाद आरोपी ने स्वीकार किया अपराध
तिल्दा-नेवरा– छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले के तिल्दा ब्लॉक स्थित ग्राम बिलाड़ी के मिडिल स्कूल में कार्यरत प्रधान पाठक और संकुल समन्वयक भूपेंद्र कुमार साहू द्वारा महिला शिक्षकों के वॉशरूम में छिपकर वीडियो रिकॉर्डिंग करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
कैसे हुआ घिनौने कृत्य का खुलासा?
घटना तब सामने आई जब महिला शिक्षकों ने स्कूल के वॉशरूम में एक मोबाइल फोन छिपा हुआ पाया। जब उन्होंने उसे उठाकर देखा, तो पाया कि वीडियो रिकॉर्डिंग चालू थी। मामले की गंभीरता को समझते हुए उन्होंने तुरंत इसे अपने परिजनों और स्कूल स्टाफ के साथ साझा किया और फिर तिल्दा-नेवरा थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
आरोपी ने स्वीकार किया अपराध
थाना प्रभारी सत्येंद्र सिंह श्याम के अनुसार, पुलिस टीम ने तत्काल स्कूल पहुंचकर प्रधान पाठक भूपेंद्र साहू से पूछताछ की। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह पिछले दो महीनों से महिला वॉशरूम में मोबाइल छिपाकर रिकॉर्डिंग कर रहा था।
आरोपी ने यह भी बताया कि वह रिकॉर्ड किए गए वीडियो को अपने दूसरे मोबाइल और लैपटॉप में ट्रांसफर करके देखा करता था।
मोबाइल भेजा गया साइबर सेल
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी द्वारा उपयोग किए गए मोबाइल फोन को फॉरेंसिक जांच के लिए साइबर सेल भेजा गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वीडियो को डिलीट किया जा चुका था। अब साइबर एक्सपर्ट्स डिलीटेड डेटा की रिकवरी में जुटे हैं।
जनता में आक्रोश, कार्रवाई की उठी मांग:
इस घटना के बाद स्कूल स्टाफ, अभिभावक और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। सभी लोग प्रधान पाठक को बर्खास्त करने और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि मामले की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा।
