शिक्षक नहीं तो पढ़ाई नहीं! 50 किमी दूर गांव से कलेक्ट्रेट पहुंचे छात्र, स्कूल बहिष्कार और तालाबंदी आंदोलन की दी चेतावनी
बलौदाबाजार : छत्तीसगढ़ सरकार की शिक्षा सुधार की घोषणाओं के बावजूद, जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। बलौदाबाजार जिले के नगर पंचायत टूनद्रा के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शिक्षकों की भारी कमी के कारण छात्र-छात्राएं परेशान हैं। पढ़ाई में हो रही परेशानी के विरोध में वे अपने गांव से 50 किलोमीटर दूर स्थित कलेक्ट्रेट कार्यालय तक प्रदर्शन करने पहुंचे।
30 शिक्षक पद स्वीकृत, लेकिन 8 शिक्षक ही तैनात:
छात्रों का कहना है कि स्कूल में कुल 30 शिक्षक पद स्वीकृत हैं, लेकिन वर्तमान में केवल 8 शिक्षक ही तैनात हैं। विषय विशेषज्ञों की कमी से पढ़ाई पर गंभीर असर पड़ा है, जिससे वे अपने भविष्य को लेकर चिंतित हो गए हैं। छात्रों ने बताया कि पहले कुछ शिक्षकों की नियुक्ति हुई थी, लेकिन युक्तियुक्तकरण के तहत उनका तबादला अन्य स्कूलों में कर दिया गया, जिससे शिक्षक संख्या और घट गई।
तालाबंदी आंदोलन की दी चेतावनी :
गुस्साए छात्रों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द शिक्षकों की नियुक्ति नहीं हुई, तो वे स्कूल बहिष्कार और तालाबंदी आंदोलन की कार्रवाई करेंगे। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस गंभीर समस्या के समाधान के लिए क्या कदम उठाता है और टूनद्रा के विद्यार्थियों के उज्जवल भविष्य के लिए क्या कार्रवाई करता है।

