छत्तीसगढ़: सरगुजा में लड़की से छेड़खानी का आरोप, गुस्साई मां ने होटल संचालक को चप्पलों से पीटा, VIDEO वायरल
सरगुजा: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपनी बेटी से कथित छेड़छाड़ के आरोप में एक होटल संचालक की चप्पलों और डंडे से जमकर पिटाई कर दी। यह घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के रजपुरी इलाके की बताई जा रही है और इसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है।
होटल संचालक पर छेड़खानी का आरोप
जानकारी के मुताबिक, सरगुजा के रजपुरी इलाके में स्थित ‘मां महामाया स्वीट्स’ नामक होटल में एक युवती काम करने आई थी। आरोप है कि होटल का संचालक युवती के साथ छेड़छाड़ कर रहा था। जब लड़की ने इस बात की जानकारी अपने परिवार को दी, तो उनके गुस्से का ठिकाना नहीं रहा। इसके बाद युवती के परिजन सीधे होटल पहुंच गए।
पहले चप्पल से पीटा, फिर डंडे से हमला
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि होटल के अंदर महिला (लड़की की मां) होटल संचालक पर चप्पलें बरसाती नजर आ रही है। इसके बाद अन्य परिजन उसे घसीटकर होटल से बाहर लाते हैं और वहीं डंडे से उसकी पिटाई शुरू कर देते हैं। इस दौरान होटल संचालक हाथ जोड़कर माफी मांगता है और पैर छूकर क्षमा याचना करता है, लेकिन परिजनों का गुस्सा थमता नहीं दिखा।
पुलिस के पास नहीं पहुंचा मामला
अब तक की जानकारी के अनुसार, इस मामले में किसी भी पक्ष ने पुलिस थाने में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं करवाई है। हालांकि, घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है, जिससे यह मामला सुर्खियों में आ गया है।
(यह खबर एक वायरल वीडियो और प्राप्त जानकारी पर आधारित है, https://youthwings.in/ इसकी पुष्टि नही करता )
