‘IDA ने जमीन तो दी, लेकिन…’ इंदौर में राहुल गांधी के कार्यक्रम पर सस्पेंस? इस एक फैसले पर टिकी सबकी निगाहें

इंदौर। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के मध्य प्रदेश दौरे के तहत इंदौर में प्रस्तावित छात्रों की गूंज कार्यक्रम को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। इंदौर विकास प्राधिकरण ने कार्यक्रम के आयोजन के लिए पांच सख्त शर्तों के साथ 12 हजार वर्गमीटर रिक्त भूमि आवंटित कर दी है। हालांकि IDA की मंजूरी मिलने के बावजूद आयोजन पर संशय के बादल पूरी तरह छंटे नहीं हैं, क्योंकि कार्यक्रम को अब तक इंदौर पुलिस की ओर से आधिकारिक अनुमति नहीं मिली है।

17 से 19 सितंबर तक आवंटित की गई भूमि

प्रशासनिक जानकारी के अनुसार आयोजकों को 17 से 19 सितंबर तक के लिए 12,000 वर्गमीटर रिक्त भूमि उपलब्ध कराई गई है। लेकिन प्राधिकरण ने साफ कर दिया है कि यह अनुमति पूर्ण नहीं है और आयोजकों को तय नियमों का कड़ाई से पालन करना होगा।

IDA ने रखीं ये 5 कड़ी शर्तें:

केवल भूमि आवंटन: IDA ने स्पष्ट किया है कि उसने केवल रिक्त भूमि उपलब्ध कराई है, आयोजन की अन्य व्यवस्थाओं से उसका कोई सरोकार नहीं होगा।

सुरक्षा का जिम्मा आयोजकों पर: कार्यक्रम स्थल पर भीड़ नियंत्रण और आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था की पूरी जिम्मेदारी आयोजकों की स्वयं की होगी।

संबंधित विभागों से एनओसी जरूरी: कार्यक्रम आयोजित करने के लिए नगर निगम, विद्युत और अग्निशमन जैसे संबंधित विभागों से विधिवत अनुमति प्राप्त करना अनिवार्य रहेगा।

ध्वनि विस्तारक यंत्रों की परमिशन: कार्यक्रम स्थल पर लाउडस्पीकर और साउंड सिस्टम  का उपयोग करने के लिए सक्षम प्राधिकारी से अलग से अनुमति लेनी होगी।

तय तारीख से पहले या बाद पर लीज रेंट: यदि निर्धारित तारीख यानि 17 से 19 सितंबर से पहले या बाद में जमीन का किसी भी तरह उपयोग किया जाता है, तो आयोजकों को उस दिन का अतिरिक्त लीज रेंट भरना होगा।

पुलिस की अनुमति पर फंसा पेंच

IDA से हरी झंडी मिलने के बाद भी सबसे बड़ा पेंच पुलिस प्रशासन की अनुमति को लेकर फंसा हुआ है। कानून-व्यवस्था और वीआईपी सुरक्षा के मद्देनजर बिना पुलिस की क्लीयरेंस के किसी भी बड़े राजनीतिक कार्यक्रम का आयोजन नहीं किया जा सकता।

फिलहाल कांग्रेस और आयोजन समिति पुलिस कमिश्नरेट से अनुमति मिलने का इंतजार कर रही है। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि पुलिस प्रशासन राहुल गांधी के इस बड़े छात्र संवाद कार्यक्रम को मंजूरी कब और किन शर्तों पर देता है।

Youthwings