बदहाल सड़कों पर फूटा गुस्सा, मंत्री राजेश अग्रवाल के बंगले का घेराव; बोले- “हालत देखकर मैं खुद शर्मिंदा हूं”
अंबिकापुर : अंबिकापुर में सड़कों की खराब स्थिति को लेकर लोगों का आक्रोश सामने आया। शहर की जर्जर सड़कों, जगह-जगह बने गड्ढों और बारिश के दौरान जलभराव की समस्या से परेशान सामाजिक संगठनों ने कैबिनेट मंत्री एवं अंबिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल के सरकारी बंगले का घेराव कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने शहर की सड़कों की तत्काल मरम्मत और निर्माण की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान लोगों ने सड़क व्यवस्था को लेकर नारेबाजी की और जिम्मेदारों से जल्द कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि बारिश के मौसम में सड़कों की हालत और ज्यादा खराब हो गई है। कई प्रमुख मार्गों पर गड्ढों और पानी भरने से लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है।
जल्द सड़क सुधार का दिलाया भरोसा :
जिस समय प्रदर्शनकारी मंत्री के बंगले पहुंचे, उस दौरान राजेश अग्रवाल सूरजपुर में थे। उन्हें प्रदर्शन की जानकारी मिली तो वे अंबिकापुर पहुंचे और आंदोलन कर रहे लोगों से मुलाकात की। मंत्री ने उनकी समस्याएं सुनीं और जल्द सड़क सुधार का भरोसा दिलाया।
राजेश अग्रवाल ने कहा कि बारिश के कारण सड़क निर्माण और मरम्मत के काम में दिक्कत आ रही है। बारिश थमने के बाद सड़क से जुड़े कार्यों में तेजी लाई जाएगी। उन्होंने शहर की मौजूदा सड़क व्यवस्था पर खुद भी चिंता जताई और कहा कि सड़कों की वर्तमान स्थिति देखकर उन्हें भी शर्मिंदगी महसूस होती है।
आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारियों ने समाप्त कर दिया आंदोलन
मंत्री ने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में शहर की सड़कों की स्थिति और तस्वीर दोनों में बदलाव देखने को मिलेगा। उनके आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारियों ने अपना आंदोलन समाप्त कर दिया।
प्रदर्शन के दौरान मंत्री ने आंदोलनकारियों के साथ सौहार्दपूर्ण माहौल में बातचीत की। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को चाय-पानी के साथ लड्डू और आलू चॉप भी खिलाए तथा शहर की समस्याओं को सामने रखने के लिए उनका धन्यवाद किया।
