2028 के महाकुंभ के लिए कैसी है MP सरकार की तैयारी? उज्जैन में CM मोहन ने खोला ‘भव्य और दिव्य’ सिंहस्थ का ब्लूप्रिंट

उज्जैन। मध्य प्रदेश की धार्मिक नगरी उज्जैन में अभी से ‘सिंहस्थ-2028’  के महाकुंभ की तैयारियां जोरों पर शुरू हो गई हैं। रविवार को सिंहस्थ मेला प्राधिकरण के नव-नियुक्त अध्यक्ष जगदीश अग्रवाल के पदभार ग्रहण समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बड़ा बयान दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि बाबा महाकाल के आशीर्वाद से आगामी सिंहस्थ न केवल भव्य होगा, बल्कि पूरी दुनिया के लिए एक अलौकिक अनुभव साबित होगा।

CM मोहन यादव के संबोधन की 3 बड़ी बातें

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कार्यक्रम से जुड़े मुख्यमंत्री ने शासन-प्रशासन और आम जनता से सहभागिता की अपील करते हुए कई अहम बातें साझा कीं:

किसानों से खास अपील: सीएम ने कहा कि जिन किसानों के पास जमीन उपलब्ध है, वे वहां स्कूल, अस्पताल और हॉस्टल जैसी सुविधाएं विकसित करें। इस काम में सरकार उनका पूरा सहयोग करेगी।

धर्मस्थलों का होगा कायाकल्प: सिंहस्थ महापर्व से पहले उज्जैन को बेहद सुंदर और सुव्यवस्थित बनाया जाएगा। शहर के अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों का भी विस्तार और सौंदर्यीकरण होगा ताकि वे अधिक भव्य नजर आएं।

जनता का स्वेच्छा से सहयोग: सीएम ने उन नागरिकों और विभिन्न धर्म के लोगों की सराहना की, जिन्होंने विकास कार्यों और धर्मस्थलों के लिए अपनी जमीन, मकान और प्रतिष्ठान स्वेच्छा से सौंप दिए हैं।

‘विश्व का सबसे बड़ा मेला है सिंहस्थ’

इस गरिमामयी समारोह में नवनियुक्त अध्यक्ष जगदीश अग्रवाल ने भगवान महाकाल की तस्वीर का पूजन कर अपना दायित्व ग्रहण किया।

कार्यक्रम में मौजूद सांसद अनिल फिरोजिया ने कहा कि ‘महाकाल लोक’ के निर्माण के बाद पूरी दुनिया में बाबा महाकाल का आभा मंडल फैला है और आगामी सिंहस्थ दुनिया का सबसे बड़ा धार्मिक मेला होगा। वहीं, राज्यसभा सांसद संत बालयोगी उमेश नाथ महाराज और अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत रामेश्वरदास महाराज ने भी सीएम मोहन यादव के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि 2028 का कुंभ ऐतिहासिक और भव्यता की नई मिसाल कायम करेगा।

Youthwings