CTET 2026: लाखों अभ्यर्थियों को राहत, CBSE ने फिर खोला आवेदन पोर्टल; परीक्षा की नई तारीख बाद में होगी जारी
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने CTET 2026 को लेकर बड़ा अपडेट जारी किया है। शिक्षक पात्रता परीक्षा के 22वें संस्करण के लिए प्रस्तावित परीक्षा को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। साथ ही, जिन पात्र अभ्यर्थियों ने पहले आवेदन नहीं किया था, उनके लिए रजिस्ट्रेशन विंडो दोबारा खोल दी गई है। बोर्ड के इस फैसले से उन उम्मीदवारों को राहत मिली है, जो किसी कारण से पहले निर्धारित अवधि में CTET के लिए आवेदन नहीं कर पाए थे। अब उन्हें परीक्षा में शामिल होने के लिए एक और अवसर दिया गया है।
25 अगस्त से शुरू हुआ दोबारा रजिस्ट्रेशन
CBSE ने CTET Registration 2026 के लिए आवेदन पोर्टल को 25 अगस्त से फिर सक्रिय किया है। पात्र उम्मीदवार 1 सितंबर 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। इस अतिरिक्त आवेदन अवसर का उद्देश्य ऐसे योग्य अभ्यर्थियों को परीक्षा प्रक्रिया में शामिल करना है, जो पिछली आवेदन अवधि में फॉर्म जमा नहीं कर सके थे। उम्मीदवारों को आवेदन करने से पहले अपनी पात्रता और जरूरी दस्तावेजों की जानकारी ध्यान से जांचने की सलाह दी गई है।
सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद बदली व्यवस्था
CBSE ने बताया है कि आवेदन पोर्टल दोबारा खोलने का निर्णय सुप्रीम कोर्ट के हालिया आदेश के मद्देनजर लिया गया है। शीर्ष अदालत ने पात्र और सेवारत शिक्षकों को शिक्षक पात्रता परीक्षा की कानूनी आवश्यकता पूरी करने के लिए पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराने की बात कही थी। इसी निर्देश को ध्यान में रखते हुए बोर्ड ने आवेदन प्रक्रिया को फिर से खोलने का फैसला किया है।
READ MORE: ऑनलाइन बिक रहा था जहरीला धतूरा, Amazon-Instamart-BigBasket के Food Licence सस्पेंड
पहले फॉर्म भर चुके उम्मीदवारों के लिए जरूरी सूचना
CBSE ने स्पष्ट किया है कि जिन उम्मीदवारों ने पहले ही CTET 2026 के लिए आवेदन कर दिया था और निर्धारित फीस सफलतापूर्वक जमा कर दी थी, उन्हें दोबारा आवेदन करने की जरूरत नहीं है। CTET 2026 का प्रारंभिक नोटिफिकेशन 8 मई 2026 को जारी हुआ था। इसके बाद आवेदन प्रक्रिया 11 मई से 10 जून 2026 तक चली थी। दोबारा खुली विंडो का लाभ केवल उन पात्र अभ्यर्थियों को मिलेगा, जो पिछली प्रक्रिया में आवेदन करने से रह गए थे।
अभी तय नहीं हुई CTET परीक्षा की नई तारीख
आवेदन विंडो दोबारा खुलने के कारण प्रस्तावित CTET परीक्षा को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। अब परीक्षा की नई तारीख आवेदन प्रक्रिया समाप्त होने के बाद तय की जाएगी। CBSE के मुताबिक, 1 सितंबर 2026 को आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद उम्मीदवारों की संख्या का आकलन किया जाएगा। इसके बाद बोर्ड परीक्षा के आयोजन के लिए संशोधित तारीख की घोषणा करेगा। इसलिए उम्मीदवारों को फिलहाल नई परीक्षा तारीख के लिए CBSE की आधिकारिक सूचना का इंतजार करना होगा।
