ट्रंप की धमकियों के बीच राष्ट्रपति पेजेश्कियन की हुंकार, बोले- ‘किसी भी कीमत पर नहीं झुकेगा ईरान’

डेस्क। अमेरिका और ईरान के बीच चल रही तनातनी के बीच ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने एक बड़ा और कड़ा बयान दिया है। शुक्रवार को तेहरान में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि ईरान इस समय ‘मजबूत और सम्मानजनक’ स्थिति में है, इसलिए अब युद्ध को समाप्त करना ही बेहतर विकल्प है।

यह बयान ऐसे समय में आया है जब अमेरिका और ईरान के बीच 60 दिनों की डेडलाइन पूरी हो चुकी है और नवनिर्वाचित अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ईरान के खिलाफ और सख्त प्रतिबंध लागू करने की धमकियां दे रहे हैं।

‘पूरी दुनिया हमारी जीत को कर रही स्वीकार’

राजधानी तेहरान में ईरानी मेडिकल सोसाइटी के इस्लामिक एसोसिएशन की 31वीं महासभा को संबोधित करते हुए पेजेश्कियन ने कहा कि संयुक्त राज्य अमेरिका के साथ जारी टकराव को किसी न किसी मोड़ पर खत्म होना ही चाहिए।

उनके कार्यालय द्वारा जारी बयान के अनुसार राष्ट्रपति ने कहा कि यह बेहतर है कि हम आज ही युद्ध समाप्त कर दें जब हम शक्ति और सम्मान की स्थिति में हैं। आज पूरी दुनिया हमारी जीत को स्वीकार कर रही है।

उन्होंने अमेरिका पर निशाना साधते हुए कहा कि पूरी दुनिया देख रही है कि कैसे अमेरिका ने अंतरराष्ट्रीय नियमों को ताक पर रखकर हमारे स्कूलों, अस्पतालों और बुनियादी ढांचे पर हमले किए, जिसके लिए उसे वैश्विक आलोचना का सामना करना पड़ रहा है।

जून के समझौते को बताया ‘बड़ी उपलब्धि’

ईरानी राष्ट्रपति ने जून में अमेरिका और ईरान के बीच हुए ज्ञापन समझौते का बचाव करते हुए इसे देश के लिए एक सम्मानजनक और मूल्यवान कदम बताया।

उन्होंने साफ किया कि इस समझौते का एक भी क्लॉज आत्मसमर्पण का संकेत नहीं देता। पेजेश्कियन ने कहा, “यह बातचीत ईरान की एक बड़ी उपलब्धि थी। इसे देश की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद ने पूरी एकजुटता के साथ मंजूरी दी थी।”

‘हमला हुआ तो देंगे करारा जवाब, नहीं करेंगे सरेंडर’

शांति की अपील करने के साथ-साथ ईरानी राष्ट्रपति ने विरोधियों को सख्त चेतावनी भी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि शांति की बात को ईरान की कमजोरी न समझा जाए। पेजेश्कियन ने कहा कि अगर हम पर फिर से हमला किया गया, तो हम किसी भी परिस्थिति में आत्मसमर्पण नहीं करेंगे। हम आखिरी सांस तक उनके खिलाफ डटे रहेंगे और उन्हें करारा जवाब देंगे। उन्होंने देश को आश्वस्त किया कि ईरान के सैन्य कमांडर और सशस्त्र बल पूरे दिल और निस्वार्थ भाव से देश की रक्षा के लिए पूरी तरह से मुस्तैद हैं।

Youthwings