आशुतोष रांका को गांव में घुसने से रोका : ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान पर जयपुर में बवाल

आशुतोष रांका

जयपुर : राजस्थान की राजधानी जयपुर में ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। अभियान के तहत सरकारी स्कूलों का जायजा लेने पहुंचे कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के सह-संयोजक आशुतोष रांका और पार्टी कार्यकर्ताओं को बागरू गांव में स्थानीय लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। आरोप है कि ग्रामीणों ने उन्हें गांव में प्रवेश करने से रोक दिया और दोनों पक्षों के बीच जमकर हंगामा हुआ।CJP कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि उनके साथ धक्का-मुक्की की गई और कुछ लोगों ने उन्हें बाहरी, आतंकवादी और नक्सली तक कह दिया। वहीं, विरोध के चलते आशुतोष रांका समेत पार्टी के अन्य लोगों को मौके से लौटना पड़ा।

CJP कार्यकर्ता बोलीं- हम इसी देश के नागरिक हैं

CJP कार्यकर्ता शिवांगी शर्मा ने घटना को लेकर कहा कि उनके कार्यकर्ताओं के साथ कथित तौर पर मारपीट और दुर्व्यवहार किया गया। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि एक ही देश के नागरिकों को बाहरी कैसे बताया जा सकता है। शिवांगी शर्मा के मुताबिक, उनका घर जयपुर से करीब आधे घंटे की दूरी पर है और उनका पालन-पोषण भी इसी क्षेत्र में हुआ है। उन्होंने कहा कि ऐसे में उन्हें बाहरी या किसी दूसरे देश का बताना बेहद दुखद है। उन्होंने दावा किया कि शुक्रवार को स्कूलों का दौरा करने की जानकारी पार्टी की ओर से पहले ही सोशल मीडिया के जरिए साझा की गई थी। इसके बावजूद सुबह से ही उनके कार्यकर्ताओं का विरोध शुरू हो गया और कथित तौर पर पत्थरबाजी तथा लाठी से हमला किया गया।

गांव में प्रवेश को लेकर हुआ विवाद

CJP कार्यकर्ताओं का आरोप है कि उन्हें बागरू गांव में प्रवेश करने से रोका गया। पार्टी की ओर से कहा गया कि उनका उद्देश्य किसी राजनीतिक टकराव को बढ़ाना नहीं, बल्कि सरकारी स्कूलों की स्थिति का जायजा लेना था। शिवांगी शर्मा ने कहा कि यदि सरकारी स्कूलों की व्यवस्था में सुधार की बात करने वाले लोगों को ही विरोध और धक्का-मुक्की का सामना करना पड़े, तो यह चिंता की बात है। उन्होंने घटना को लेकर नाराजगी जताते हुए कहा कि देश के नागरिकों के बीच इस तरह का विभाजन सही दिशा नहीं है।

READ MORE : 8 राज्यों और UTs में DM को मिला नागरिकता देने का अधिकार, गृह मंत्रालय ने जारी किया नया नोटिफिकेशन

क्या है CJP का ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान?

कॉकरोच जनता पार्टी की ओर से पिछले कुछ दिनों से ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत लोगों और अभिभावकों से अपने आसपास के सरकारी स्कूलों का दौरा कर वहां मौजूद समस्याओं की पहचान करने और सोशल ऑडिट करने की अपील की जा रही है। राजस्थान में इस अभियान की अगुवाई आशुतोष रांका कर रहे हैं। अभियान के दौरान सरकारी स्कूलों की व्यवस्थाओं, सुविधाओं और कमियों को लेकर जानकारी जुटाने की कोशिश की जा रही है।

शिक्षा मंत्री के आदेश के बाद बढ़ा विवाद

इस बीच राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने सरकारी स्कूलों में बाहरी लोगों के प्रवेश को लेकर सख्ती के निर्देश दिए हैं। सरकारी स्कूल परिसरों में बिना अनुमति किसी भी तरह की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी पर भी रोक लगाई गई है। ऐसे में ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान के तहत स्कूलों के दौरे और सरकार के नए निर्देशों के बीच टकराव की स्थिति बनती नजर आ रही है। बागरू गांव में हुए विवाद ने इस मुद्दे को और गरमा दिया है। फिलहाल घटना को लेकर दोनों पक्षों के दावों के बीच विवाद बढ़ता दिख रहा है। मामले में प्रशासन और पुलिस की ओर से आधिकारिक रूप से क्या कार्रवाई की जाती है, इस पर नजर बनी हुई है।

Youthwings