‘शुद्ध पेट्रोल तुम्हारे बाप के घर से आएगा?’ E20 के विरोधियों पर बिगड़े भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा, वायरल हुआ अमर्यादित बयान

रीवा। पेट्रोल में एथेनॉल ब्लेंडिंग यानि E20 का विरोध करने वालों पर रीवा से भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा का गुस्सा फूट पड़ा। रीवा एयरपोर्ट पर आयोजित एक सार्वजनिक कार्यक्रम के मंच से सांसद जनार्दन मिश्रा ने विरोधियों को आड़े हाथों लेते हुए बेहद विवादित और तीखी टिप्पणी कर दी। उनके इस बयान का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिस पर सियासत गर्मा गई है।

मंच से आपा खो बैठे सांसद, दी अजीब दलील

रीवा एयरपोर्ट पर भारत सरकार की उपलब्धियों का बखान करते हुए सांसद जनार्दन मिश्रा ने E20 ईंधन नीति का बचाव किया। उन्होंने दुनिया भर में जारी भू-राजनीतिक तनाव और समुद्री संकट का हवाला देते हुए कहा कि भारत अपनी जरूरत का 80% तेल विदेशों से आयात करता है। लाल सागर में हूती विद्रोहियों और होर्मुज जलडमरूमध्य में तनाव के कारण जहाजों को 18,000 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाकर तेल लाना पड़ रहा है।

इसी बात पर आगे बढ़ते हुए वे अचानक भड़क गए और कहा कि जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार कह रहे हैं कि 20 प्रतिशत एथेनॉल मिलाया जाना चाहिए, तो लोग विरोध कर रहे हैं। कह रहे हैं कि एथेनॉल का इस्तेमाल नहीं होना चाहिए और सिर्फ शुद्ध पेट्रोल मिलना चाहिए। क्या शुद्ध पेट्रोल तुम्हारे बाप के घर से आएगा?

भारत को बताया सबसे कम महंगाई वाला देश

सांसद जनार्दन मिश्रा यहीं नहीं रुके उन्होंने केंद्र सरकार के आत्मनिर्भर भारत और डिफेंस एक्सपोर्ट के आंकड़ों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आज दुनिया में अगर सबसे कम महंगाई कहीं है, तो वह भारत में है। पहले भारत मात्र 600 करोड़ रुपये के बम और हथियार एक्सपोर्ट करता था, जबकि आज 38,000 करोड़ रुपये से अधिक का डिफेंस इक्विपमेंट एक्सपोर्ट कर रहा है।

Youthwings