शहडोल के सरकारी स्कूल में बच्चों से खुलवाया जा रहा ताला, हाथों में किताब नहीं झाड़ू
ब्यौहारी के शासकीय प्राथमिक विद्यालय कोलान कुआं का वीडियो वायरल, छात्रों का आरोप- शिक्षक देर से आते हैं, रोज बच्चों से खुलवाया जाता है स्कूल
शहडोल। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले से सरकारी शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाला एक वीडियो सामने आया है। ब्यौहारी विकासखंड के शासकीय प्राथमिक विद्यालय कोलान कुआं में मासूम बच्चों से स्कूल का ताला खुलवाने और परिसर की साफ-सफाई कराए जाने का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में बच्चे हाथों में झाड़ू लेकर स्कूल की सफाई करते दिखाई दे रहे हैं। मामले के सामने आने के बाद शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
बच्चों का आरोप- रोज खुद खोलते हैं स्कूल का ताला
स्थानीय छात्रों का आरोप है कि शिक्षक समय पर स्कूल नहीं पहुंचते। ऐसे में वे रोज खुद स्कूल का मुख्य द्वार खोलते हैं और शिक्षक के आने से पहले परिसर की साफ-सफाई भी करते हैं। बच्चों का कहना है कि कई बार उन्हें पढ़ाई शुरू होने से पहले ही झाड़ू लगानी पड़ती है।
11 बजे पहुंचते हैं शिक्षक
छात्रों के मुताबिक, शिक्षक अक्सर सुबह करीब 11 बजे स्कूल पहुंचते हैं। तब तक बच्चों का काफी समय बिना पढ़ाई के ही गुजर जाता है। वायरल वीडियो में भी बच्चे सफाई करते नजर आ रहे हैं, जिससे स्कूल की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
वायरल वीडियो के बाद उठी कार्रवाई की मांग
वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों ने शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा लापरवाह शिक्षकों और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि जिस उम्र में बच्चों के हाथों में किताबें होनी चाहिए, उस उम्र में उनसे सफाई कराना शिक्षा व्यवस्था की बड़ी विफलता है।
शिक्षा विभाग की निगरानी पर सवाल
घटना के बाद यह सवाल भी उठ रहे हैं कि क्या स्कूलों की निगरानी केवल कागजों तक सीमित रह गई है। यदि छात्रों के आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह सरकारी स्कूलों में अनुशासन और मॉनिटरिंग व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है। फिलहाल मामले को लेकर संबंधित अधिकारियों की ओर से विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है।
Read more-
MP सरकार का अतिथि शिक्षकों को बड़ा तोहफा, 90% उपस्थिति की अनिवार्यता हटी, री-जॉइनिंग में मिली राहत
