बर्लिन प्राइड परेड में खूनी हमला, भीड़ में घुसी वैन; 1 की मौत, 29 घायल, 24 घंटे बाद आरोपी ढेर

Berlin Pride parade attack 2026

टायरगार्टन पार्क में LGBTQ+ प्राइड समारोह के दौरान वैन से भीड़ को कुचला, फिर चाकू से हमला; पुलिस मुठभेड़ में संदिग्ध की मौत

 

 

बर्लिन। जर्मनी की राजधानी बर्लिन में आयोजित LGBTQ+ प्राइड समारोह के दौरान शनिवार रात बड़ा हमला हुआ। टायरगार्टन पार्क में चल रहे कार्यक्रम के बीच एक तेज रफ्तार वैन भीड़ में घुस गई। इसके बाद हमलावर ने धारदार हथियार से लोगों पर हमला कर दिया। इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 29 लोग घायल हो गए। घटना के बाद फरार आरोपी को करीब 24 घंटे की तलाश के बाद पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया।

 

वैन से कुचलने के बाद चाकू से किया हमला

घटना शनिवार रात करीब 10 बजे टायरगार्टन पार्क में हुई, जहां यूरोप के सबसे बड़े LGBTQ+ आयोजनों में शामिल क्रिस्टोफर स्ट्रीट डे (Christopher Street Day) प्राइड परेड का समापन कार्यक्रम चल रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावर ने सफेद रंग की वैन को भीड़ में घुसा दिया और इसके बाद धारदार हथियार से राहगीरों पर ताबड़तोड़ हमला शुरू कर दिया।

 

1 की मौत, 29 लोग घायल

हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 29 लोग घायल हुए। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां कई की हालत गंभीर बताई गई। घटना के बाद पूरे इलाके को घेरकर राहत और जांच अभियान शुरू किया गया।

 

24 घंटे बाद पुलिस मुठभेड़ में मारा गया आरोपी

बर्लिन पुलिस और विशेष बल (SWAT) ने आरोपी की तस्वीर जारी कर पूरे देश में अलर्ट घोषित किया था। रविवार को स्पैंडौ इलाके के एक गार्डन शेड में संदिग्ध के छिपे होने की सूचना मिली। पुलिस के अनुसार, घेराबंदी के दौरान आरोपी धारदार हथियार लेकर पुलिसकर्मियों की ओर बढ़ा, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उसे गोली मार दी गई।

 

आरोपी की पहचान और जांच

पुलिस ने आरोपी की पहचान 21 वर्षीय अब्दुल बल्लाउट के रूप में की है। वह जर्मन नागरिक और लेबनानी मूल का बताया जा रहा है। जर्मनी के गृह मंत्री के अनुसार, आरोपी पहले से पुलिस के रडार पर था और उसका आपराधिक रिकॉर्ड भी था। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, उसने वर्ष 2025 में आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट (ISIS) में शामिल होने के लिए लेबनान जाने की भी कोशिश की थी। फिलहाल पुलिस हमले के मकसद और संभावित आतंकी संबंधों की जांच कर रही है।

 

 

Read more- 

चीन में चक्रवात ‘नौल’ का कहर, रेड अलर्ट जारी; 3.4 लाख लोग सुरक्षित स्थानों पर भेजे गए, 410 उड़ानें रद्द

 

 

Youthwings