Lal Chowk Terrorist Attack: जम्मू-कश्मीर में आतंकी हमला, ड्यूटी पर तैनात हेड कांस्टेबल शहीद

दक्षिण कश्मीर के कोकेरनाग रोड पर गश्त के दौरान हुआ हमला, घायल अवस्था में अस्पताल पहुंचाए गए जवान ने तोड़ा दम

अनंतनाग। जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग स्थित लाल चौक पर बड़ा आतंकी हमला हुआ है। आतंकियों ने पुलिस कांस्टेबल को गोली मार दी। हेड कांस्टेबल आशिक हुसैन कुरैशी को अस्पताल में भर्ती किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। हमले के बाद पूरे इलाके को सील कर दिया गया है। भारतीय सेना के जवान और जम्मू-कश्मीर पुलिस सर्च अभियान चला रही है।

जानकारी के मुताबिक दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग के लाल चौक इलाके में कोकेरनाग रोड पर गश्त के दौरान हेड कांस्टेबल आशिक हुसैन कुरैशी को आतंकियों ने गोली मार दी। हमले के बाद आतंकी फरार हो गया।

 डॉक्टरों ने की पूरी कोशिश, लेकिन बचा नहीं सके

भीर रूप से घायल हुए पुलिस जवान हेड कांस्टेबल आशिक हुसैन कुरैशी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की काफी कोशिश की, लेकिन चोटें गंभीर होने के कारण उन्हें बचाया नहीं जा सका और डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

35 वर्षीय शहीद हेड कांस्टेबल आशिक हुसैन कुरैशी (बेल्ट नंबर 20, आईआर 3rd बटालियन) बड़गाम के बीरू इलाके के रहने वाले थे। आशिक हुसैन की शहादत के बाद पुलिस विभाग और उनके पैतृक गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

 

 सुरक्षा बलों ने इलाके को घेरा, सर्च ऑपरेशन जारी

हमले की सूचना मिलते ही पुलिस और सेना के अतिरिक्त बल मौके पर पहुंच गए हैं। सुरक्षा बलों ने पूरे लाल चौक और आसपास के इलाकों की घेराबंदी कर दी है। हमलावर आतंकियों की धरपकड़ के लिए इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।

अधिकारियों का कहना है कि आतंकियों की तलाश जारी है और जल्द ही इस हमले में शामिल दोषियों को पकड़ लिया जाएगा।

यह एक बार फिर जम्मू-कश्मीर में आतंकी गतिविधियों को उजागर करता है। फिलहाल, पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था चौकस कर दी गई है और अतिरिक्त बल तैनात कर दिए गए हैं।

शहीद हेड कांस्टेबल आशिक हुसैन कुरैशी के परिवार को 5 लाख रुपये की अनुग्रह राशि और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की घोषणा की गई है। पूरा पुलिस विभाग उनके परिवार के साथ खड़ा है।

 

Youthwings