तेलंगाना में पॉक्सो आरोपी का खौफनाक कातिलाना कारनामा, जमानत पर छूटते ही 6 लोगों की चाकू से गोदकर हत्या, फरार
रंगा रेड्डी जिले में आरोपी ने शिकायतकर्ता परिवार और अपनी पत्नी-बच्चों को बनाया निशाना, हत्या के बाद पिता को फोन कर खुदकुशी की बात कही
हैदराबाद। तेलंगाना के रंगा रेड्डी जिले से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली वीभत्स घटना सामने आई है। पॉक्सो (POCSO) मामले में जमानत पर छूटे 35 वर्षीय आरोपी ने अपनी पत्नी, दो मासूम बच्चों समेत कुल 6 लोगों की चाकू गोदकर नृशंस हत्या कर दी । आरोपी फरार है और उसने अपने माता-पिता को फोन कर खुदकुशी की बात कही है ।
कैसे हुई वारदात?
पुलिस के अनुसार, आरोपी बी राजकुमार ने 10 जुलाई की देर रात करीब 10:45 बजे से 12 बजे के बीच दो अलग-अलग जगहों पर हमले किए ।
सबसे पहले वह शिकायतकर्ता के घर पहुंचा, जहां उसकी मां ने दरवाजा खोला तो उसने उन पर चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद घर में घुसकर सो रही लड़की की दादी की भी हत्या कर दी । इसके बाद आरोपी 16 वर्षीय पीड़िता को जबरन अपनी कार में बैठाकर अपने गांव के पास एक झील के किनारे ले गया, जहां उसने उसे चाकू मारकर मार डाला । शिकायतकर्ता परिवार में मौजूद पीड़िता की मानसिक रूप से चुनौतीग्रस्त बहन को उसने नहीं छुआ ।
इन हत्याओं के बाद आरोपी अपने घर वापस गया और रात करीब 11:20 बजे अपनी पत्नी (31) और दो बेटों (4 वर्ष और 18 माह) की नींद में गला काटकर हत्या कर दी ।
क्यों की हत्या?
पुलिस को आशंका है कि आरोपी ने पॉक्सो मामले में शिकायत करने वाली नाबालिग लड़की और उसके परिवार से रंजिश के चलते यह हत्या की है । आरोपी पिछले दिनों इसी नाबालिग को परेशान करता था, उसे प्रपोज करता था और उसके कोचिंग सेंटर से घर तक पीछा करता था ।
हालांकि, अपनी पत्नी और बच्चों को मारने का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है । परिवार के सदस्यों ने बताया है कि आरोपी जुआ का आदी था और उसने कई कर्ज ले रखे थे, जिस कारण वह मानसिक रूप से परेशान था ।
आरोपी ने हत्या के बाद अपने पिता को फोन कर घटना के बारे में बताया और खुदकुशी करने की बात कही, फिर फोन बंद करके फरार हो गया ।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है । फ्यूचर सिटी पुलिस कमिश्नर तरुण जोशी ने बताया कि सात टीमों का गठन कर आरोपी की तलाश की जा रही है । पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है ।
Read more-
