रायपुर की 3D फैक्ट्री में भीषण ब्लास्ट, 3 मजदूरों की मौत की आशंका, कई घायल

उरला के बेंद्री स्थित फैक्ट्री में जोरदार विस्फोट से मचा हड़कंप, ऑक्सीजन सिलेंडर फटने की आशंका, पुलिस और राहत दल जांच में जुटे।

 

 

रायपुर। राजधानी रायपुर के उरला थाना क्षेत्र स्थित बेंद्री की एक 3D फैक्ट्री में मंगलवार को भीषण विस्फोट होने से बड़ा हादसा हो गया। ब्लास्ट के बाद फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे में 2 से 3 मजदूरों की मौत होने की आशंका है, जबकि कई अन्य मजदूर घायल बताए जा रहे हैं।

 

घटना की सूचना मिलते ही उरला थाना पुलिस, प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंचे। घायलों को तत्काल फैक्ट्री से बाहर निकालकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में लेकर बचाव और राहत कार्य शुरू कर दिया गया है।

 

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक फैक्ट्री में ऑक्सीजन सिलेंडर फटने के कारण विस्फोट होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि हादसे की वास्तविक वजह की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस और संबंधित विभाग की टीमें मामले की जांच कर रही हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विस्फोट इतना तेज था कि आसपास के क्षेत्रों तक इसकी आवाज सुनाई दी। धमाके के बाद फैक्ट्री में काम कर रहे मजदूरों में भगदड़ मच गई। कई मजदूर जान बचाकर बाहर निकल आए, जबकि कुछ मजदूर विस्फोट की चपेट में आ गए।

 

फिलहाल घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है। प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है और विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

Youthwings