12वीं पास के लिए एयरफोर्स में बंपर भर्ती, अग्निवीर वायु के आवेदन शुरू
भारतीय वायुसेना ने अग्निपथ योजना के तहत अग्निवीर वायु (Intake 02/2027) के लिए भर्ती अधिसूचना जारी कर दी है। इच्छुक और पात्र अभ्यर्थी अब ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। यह भर्ती उन युवाओं के लिए अच्छा अवसर है जो भारतीय वायुसेना में शामिल होकर सैन्य सेवा के साथ आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त करना चाहते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 26 जुलाई 2026 तय की गई है।
शैक्षणिक योग्यता क्या होनी चाहिए?
आवेदन करने वाले उम्मीदवारों का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से गणित, भौतिकी और अंग्रेजी विषयों के साथ 12वीं पास होना जरूरी है। अभ्यर्थी के कम से कम 50 प्रतिशत अंक होने चाहिए। इसके अलावा संबंधित ट्रेड में इंजीनियरिंग डिप्लोमा या निर्धारित मानकों के अनुसार दो वर्षीय वोकेशनल कोर्स पूरा करने वाले उम्मीदवार भी इस भर्ती के लिए पात्र हैं।
आयु सीमा और फिजिकल स्टैंडर्ड
अभ्यर्थियों की आयु 17.5 वर्ष से 21 वर्ष के बीच होनी चाहिए। अधिसूचना के अनुसार केवल वही उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं जिनका जन्म 1 जुलाई 2005 से पहले और 2 जनवरी 2010 के बाद नहीं हुआ हो। पुरुष और महिला दोनों उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम लंबाई 152 सेंटीमीटर निर्धारित की गई है। आरक्षित वर्ग और विशेष क्षेत्रों के उम्मीदवारों को नियमों के अनुसार छूट मिलेगी।

read more : किसानों के साथ बड़ा खेल? ₹1,350 का खाद ₹2,000 में बेचा, निकला नकली!
आवेदन शुल्क कितना देना होगा?
इस भर्ती में आवेदन करने वाले सभी उम्मीदवारों को 550 रुपये आवेदन शुल्क जमा करना होगा। शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से किया जाएगा।
ऐसे करें आवेदन
उम्मीदवार सबसे पहले भारतीय वायुसेना की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। वहां Agniveer Vayu Intake 02/2027 लिंक पर क्लिक कर पंजीकरण करें। इसके बाद आवेदन फॉर्म भरें, आवश्यक दस्तावेज अपलोड करें, आवेदन शुल्क का भुगतान करें और फॉर्म सबमिट करने के बाद उसकी एक प्रति सुरक्षित रख लें।
क्यों खास है यह भर्ती?
अग्निवीर वायु भर्ती के माध्यम से युवाओं को भारतीय वायुसेना के साथ काम करने, आधुनिक रक्षा तकनीकों का प्रशिक्षण लेने और अनुशासित सैन्य जीवन का अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। यही वजह है कि यह भर्ती रक्षा क्षेत्र में करियर बनाने की इच्छा रखने वाले युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर मानी जा रही है।
