दफ्तर में फन फैलाए बैठा था 3 फीट लंबा कोबरा, जिला पंचायत कार्यालय में मचा हड़कंप, VIDEO
कोरबा जिला पंचायत कार्यालय में करीब तीन फीट लंबा जहरीला कोबरा दिखाई देने से कर्मचारियों और अधिकारियों में दहशत फैल गई।
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिला पंचायत कार्यालय में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब करीब तीन फीट लंबा जहरीला कोबरा सांप फन फैलाए बैठा दिखाई दिया। सांप को देखते ही कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कर्मचारी तथा अधिकारी सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।
जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर जिला पंचायत कार्यालय में कर्मचारी और अधिकारी अपने नियमित कार्यों में व्यस्त थे। इसी दौरान किसी की नजर दफ्तर के एक कोने में बैठे कोबरा पर पड़ी। जहरीले सांप को देखकर वहां मौजूद लोगों में दहशत फैल गई और तुरंत इसकी सूचना रेस्क्यू टीम को दी गई।
सूचना मिलने पर रेप्टाइल केयर एंड रेस्क्यू सोसाइटी (RCRS) के प्रमुख अविनाश यादव अपनी टीम के सदस्य मानस के साथ मौके पर पहुंचे। रेस्क्यू किट की मदद से टीम ने सावधानीपूर्वक कोबरा को सुरक्षित पकड़ लिया। रेस्क्यू के बाद कार्यालय के कर्मचारियों और अधिकारियों ने राहत की सांस ली।
रेस्क्यू टीम ने लोगों से अपील की है कि सांप दिखाई देने पर घबराने के बजाय उससे दूरी बनाए रखें और प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को सूचना दें, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।
