पोस्टर में चेहरा गायब, रूठ गए विधायक जी! छोड़ गए मंच… योग दिवस पर पारा हाई
बेमेतरा में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम के दौरान पोस्टर में फोटो नहीं होने से नाराज साजा विधायक ईश्वर साहू मंच छोड़कर चले गए।
बेमेतरा। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बेमेतरा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उस समय असहज स्थिति बन गई, जब साजा विधायक ईश्वर साहू कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए पोस्टर में अपना फोटो नहीं होने से नाराज होकर मंच से उठकर चले गए। स्थिति को संभालने के लिए अधिकारियों को हस्तक्षेप करना पड़ा और काफी मान-मनौव्वल के बाद विधायक दोबारा मंच पर लौटे।
जानकारी के अनुसार, बेमेतरा जिले में बेमेतरा, नवागढ़ और साजा तीन विधानसभा क्षेत्र आते हैं। योग दिवस कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, बेमेतरा विधायक दीपेश साहू, साजा विधायक ईश्वर साहू समेत जिले के कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे।
कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए पोस्टर में बेमेतरा और नवागढ़ क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों के फोटो शामिल किए गए थे, लेकिन साजा विधायक ईश्वर साहू का फोटो नहीं था। इसी बात से नाराज होकर विधायक कार्यक्रम के दौरान मंच छोड़कर चले गए।
स्थिति को बिगड़ता देख मौके पर मौजूद अधिकारियों ने विधायक को मनाने का प्रयास किया। काफी समझाइश के बाद ईश्वर साहू वापस मंच पर पहुंचे और कार्यक्रम में शामिल हुए। हालांकि, इस घटनाक्रम के बाद प्रशासन की कार्यशैली और जनप्रतिनिधियों के प्रति संवेदनशीलता को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस जैसे सार्वजनिक महत्व के कार्यक्रम में हुई इस चूक को लेकर राजनीतिक गलियारों में भी चर्चाएं तेज हो गई हैं। सवाल उठ रहे हैं कि जब जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों के जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति तय थी, तब पोस्टर और प्रचार सामग्री तैयार करते समय साजा विधायक की तस्वीर क्यों नहीं लगाई गई।
