अभिषेक बनर्जी की मुश्किलें बढ़ीं! 300 करोड़ की मिट्टी चोरी मामले में सांसद समेत 23 पर FIR, सैटेलाइट फोटो भी पेश
डायमंड हार्बर के भाजपा नेता अभिजीत विश्वास ने कालीतला-आशुलिया थाने में दर्ज कराई शिकायत, 2017 से 163 बीघा जमीन से अवैध खनन का आरोप
कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक और बड़ा विवाद सामने आया है। डायमंड हार्बर के भाजपा नेता अभिजीत विश्वास उर्फ बॉबी ने तृणमूल कांग्रेस सांसद अभिषेक बनर्जी और उनके सहयोगियों के खिलाफ अवैध मिट्टी कटाई और तस्करी का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई है। सोमवार रात कालीतला-आशुलिया थाने में दर्ज इस शिकायत में आरोपियों पर करीब 300 करोड़ रुपये के घोटाले का आरोप है ।
क्या है पूरा मामला?
भाजपा नेता अभिजीत विश्वास ने अपनी शिकायत में दावा किया है कि वर्ष 2017 से लेकर 2022-23 के दौरान अवैध रूप से बड़े पैमाने पर मिट्टी काटकर बेची गई । आरोप है कि करीब 163 बीघा जमीन से मिट्टी की खुदाई की गई, जिससे सरकारी राजस्व और पर्यावरण दोनों को भारी नुकसान पहुंचा ।
शिकायत के समर्थन में भाजपा नेता ने पुलिस को क्षेत्र की सैटेलाइट तस्वीरें भी सौंपी हैं, जिनमें भूमि को हुए नुकसान को स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है ।
एफआईआर में कितने लोग हैं शामिल?
इस मामले में एफआईआर में कुल 23 लोगों के नाम दर्ज किए गए हैं। इनमें सांसद अभिषेक बनर्जी के अलावा उनके सहयोगी सुमित राय और विष्णुपुर के जेल में बंद तृणमूल विधायक दिलीप मंडल भी शामिल हैं ।
भाजपा नेता ने क्या कहा?
अभिजीत विश्वास का कहना है कि इस मुद्दे को पहले भी कई बार उठाया गया, लेकिन तत्कालीन पुलिस प्रशासन ने कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की। उन्होंने कहा, “सांसद अभिषेक बनर्जी तो यहां के भूमिपुत्र नहीं हैं। मिट्टी का मूल्य वे क्या समझेंगे? सैटेलाइट तस्वीरों में स्पष्ट दिख रहा है कि कहां-कहां भूमि क्षरण हुआ है, जिससे पर्यावरण को गंभीर नुकसान हो रहा है” ।
गौरतलब है कि इससे पहले भी अभिजीत विश्वास चक्रवात अम्फान के दौरान राहत सामग्री में कथित अनियमितताओं को लेकर अभिषेक बनर्जी के खिलाफ शिकायत दर्ज करा चुके हैं ।
अभिषेक बनर्जी की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं
समाचार लिखे जाने तक अभिषेक बनर्जी या तृणमूल कांग्रेस की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है । पुलिस ने शिकायत प्राप्त होने की पुष्टि की है और कहा है कि मामले की जांच के बाद ही आरोपों की सत्यता स्पष्ट हो सकेगी । एफआईआर दर्ज होने के बाद राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है ।
Read more-
