LoC पर जोरदार धमाका! राजौरी में लैंडमाइन फटने से JCO समेत 4 जवान घायल
राजौरी के नौशेरा सेक्टर में रूटीन पेट्रोलिंग के दौरान बारूदी सुरंग में हुआ धमाका, घायल जवानों को सैन्य अस्पताल में किया गया भर्ती
जम्मू। जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा (LoC) के पास एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। मंगलवार, 16 जून 2026 को नौशेरा सेक्टर के अग्रिम इलाके कलाल में रूटीन पेट्रोलिंग के दौरान एक बारूदी सुरंग (लैंडमाइन) में अचानक विस्फोट हो गया, जिसमें एक जूनियर कमीशंड ऑफिसर (JCO) समेत भारतीय सेना के चार जवान घायल हो गए
अधिकारियों के अनुसार, घुसपैठ रोकने के लिए क्षेत्र में बिछाई गई लैंडमाइन गश्त के दौरान दुर्घटनावश सक्रिय हो गई। विस्फोट की आवाज सुनते ही सीमा पर तैनात अन्य सुरक्षाकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। सभी घायल जवानों को तुरंत नजदीकी सैन्य अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है
भारी बारिश से खिसकी लैंडमाइन
अधिकारियों ने बताया कि आतंकी घुसपैठ वाले क्षेत्रों में सुरक्षा के लिहाज से लैंडमाइंस बिछाई जाती हैं। कभी-कभी ये लैंडमाइंस भारी बारिश और मिट्टी खिसकने के कारण अपनी इंस्टॉल की हुई जगह से खिसककर रास्ते पर आ जाती हैं। शुरुआती जांच के अनुसार, यह हादसा भी ऐसी ही स्थिति के कारण हुआ प्रतीत हो रहा है, जब बहकर आई लैंडमाइन पर गलती से पैर पड़ने की वजह से विस्फोट हो गया
इसमें घायल होने वालों में एक JCO और तीन जवान शामिल हैं। सभी की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। सेना के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं और घटना की जांच कर रहे हैं।
सेना ने क्षेत्र में तेज किया सर्च ऑपरेशन
इस घटना के बाद सुरक्षा बलों ने एहतियात के तौर पर इलाके में सर्च तेज कर दिया है। इसके मद्देनजर सेना ने आसपास के इलाकों में गश्त बढ़ा दी है और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। भारतीय सेना के आधिकारिक X हैंडल (ADGPI) ने अभी तक इस घटना पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है
व्हाइट नाइट कॉर्प्स इस क्षेत्र में सेना की प्रमुख इकाई है, जो राजौरी और आसपास के इलाकों की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालती है। संभावना है कि कॉर्प्स की ओर से जल्द ही इस घटना पर आधिकारिक बयान जारी किया जाएगा। प्रो डिफेंस जम्मू के कार्यालय ने भी इस घटना की पुष्टि की है।
