अखिलेश यादव की बेटी पर अभद्र टिप्पणी करने वाला आरोपी पहुंचा थाने, वीडियो जारी कर कही ये बात..

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव की बेटी पर फेसबुक पर अभद्र टिप्पणी से भड़का मामला

गुना। मध्य प्रदेश के गुना जिले में सोशल मीडिया पर उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी (SP) के अध्यक्ष अखिलेश यादव की बेटी के खिलाफ अभद्र टिप्पणी का मामला सामने आया है। इस ओछी हरकत के बाद स्थानीय यादव समाज में भारी आक्रोश फैल गया। हालांकि, बढ़ते दबाव को देखते हुए आरोपी ने खुद थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।

 

फेसबुक पोस्ट से भड़का विवाद

जानकारी के अनुसार, बृजेश भानु शर्मा (Brajesh Bhanu Sharma) नामक एक शख्स ने अपने फेसबुक अकाउंट से अखिलेश यादव की बेटी को लेकर एक अमर्यादित और अभद्र टिप्पणी पोस्ट की थी। इस पोस्ट के वायरल होते ही ‘अखिल भारतवर्षीय युवा यादव महासभा’ के जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र यादव के नेतृत्व में समाज के लोग लामबंद हो गए और सिटी कोतवाली में लिखित शिकायत दर्ज कराई। इसमें यादव समाज ने पुलिस प्रशासन को चेतावनी दी थी कि यदि 24 घंटे के भीतर आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो पूरे जिले में उग्र आंदोलन किया जाएगा।

समाजवादी पार्टी के आधिकारिक X हैंडल ने भी इस मामले को लेकर नाराजगी जताई है। पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तत्परता दिखाई और आरोपी के खिलाफ नामजद एफआईआर (FIR) दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी थी।

वीडियो जारी कर मांगी माफी, फिर पहुंचे थाने

पुलिसिया कार्रवाई और समाज के गुस्से को भांपते हुए आरोपी बृजेश भानु शर्मा बैकफुट पर आ गया। उसने सरेंडर करने से पहले एक वीडियो बयान जारी कर दोनों हाथ जोड़कर यादव समाज से माफी मांगी। आरोपी ने वीडियो में कहा, “मुझसे सोशल मीडिया पर जो पोस्ट हुई है, उससे मुझे बेहद आत्मग्लानि है। मैं अपने कृत्य के लिए यादव समाज से हाथ जोड़कर माफी मांगता हूं और संकल्प लेता हूं कि भविष्य में कभी भी किसी भी समाज या बहन-बेटी पर ऐसी टिप्पणी नहीं करूंगा।”

माफी के बाद आरोपी ने खुद थाने में सरेंडर कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 79 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

सीएम योगी ने भी जताई नाराजगी

इस पूरे प्रकरण पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। एक सार्वजनिक सभा में उन्होंने कहा कि बेटी-बेटी होती है और उसका सम्मान होना चाहिए। उन्होंने बताया कि जैसे ही इस मामले की जानकारी उन्हें लगी, उन्होंने पुलिस से तत्काल एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए। सीएम योगी ने यह भी कहा कि अखिलेश यादव को अपने ‘चेले-चपाटों’ को भाषा पर संयम रखना सिखाना चाहिए।

इससे पहले भी अखिलेश यादव की बेटी के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी का एक मामला सामने आ चुका है। कानपुर साइबर क्राइम पुलिस ने इस संबंध में पहले ही तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी।

यह दर्शाता है कि सोशल मीडिया पर लापरवाही से की गई एक टिप्पणी किस तरह किसी के लिए मुसीबत बन सकती है। फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

 

Youthwings