CGPSC मुख्य परीक्षा का शेड्यूल जारी, 6 से 9 जून 2026 तक होगी परीक्षा,जारी हुआ पूरा टाइमटेबल
छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने राज्य सेवा मुख्य परीक्षा-2025 की लिखित परीक्षा का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। जारी सूचना के अनुसार परीक्षा का आयोजन 6 जून से 9 जून 2026 तक राज्य के निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा। परीक्षा दो पालियों में संपन्न होगी—पहली पाली सुबह 9:00 बजे से 12:00 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक आयोजित की जाएगी।
अलग-अलग विषयों की परीक्षा अलग-अलग दिनों में होगी
आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 6 जून 2026 को भाषा एवं निबंध की परीक्षा होगी। इसके बाद 7 जून को सामान्य अध्ययन-I और II, 8 जून को सामान्य अध्ययन-III और IV तथा 9 जून को सामान्य अध्ययन-V की परीक्षा आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा राज्य के सरगुजा (अंबिकापुर), बिलासपुर, दुर्ग, बस्तर (जगदलपुर) और रायपुर स्थित परीक्षा केंद्रों पर कराई जाएगी।
अभ्यर्थियों के लिए प्रवेश पत्र जारी
आयोग ने जानकारी दी है कि परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र 25 मई 2026 को जारी कर दिए गए हैं। अभ्यर्थी इसे आयोग की आधिकारिक वेबसाइट www.psc.cg.gov.in से डाउनलोड कर सकते हैं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश पत्र अलग से डाक या एसएमएस के माध्यम से नहीं भेजा जाएगा, इसलिए सभी उम्मीदवारों को स्वयं वेबसाइट से ही एडमिट कार्ड डाउनलोड करना होगा।
दिशा-निर्देशों का पालन जरूरी
CGPSC ने सभी अभ्यर्थियों से परीक्षा के दौरान निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। आयोग ने कहा है कि परीक्षा में अनुशासन और नियमों का पालन अनिवार्य होगा, ताकि परीक्षा प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो सके।

