हस्ताक्षर जालसाजी मामले में अभिषेक बनर्जी पर CID का शिकंजा, घर पहुंची जांच टीम

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में कथित हस्ताक्षर जालसाजी और फर्जीवाड़े से जुड़े मामले की जांच तेज हो गई है। इसी क्रम में सोमवार को राज्य की CID टीम तृणमूल कांग्रेस सांसद अभिषेक बनर्जी के आवास पहुंची। जांच एजेंसी ने उन्हें पूछताछ के लिए पेश होने का समन जारी किया था। गौरतलब है कि सीआईडी ने 30 मई को ही अभिषेक बनर्जी को नोटिस सौंपा था।

पहले पते पर नहीं मिले सांसद

जानकारी के अनुसार, 30 मई को डिटेक्टिव डिपार्टमेंट के चार अधिकारियों की टीम सबसे पहले हरीश मुखर्जी रोड स्थित अभिषेक बनर्जी के आवास पहुंची थी। वहां उन्हें बताया गया कि सांसद घर पर मौजूद नहीं हैं। इस दौरान टीएमसी विधायक कुणाल घोष ने कहा कि अधिकारी जिस पते पर पहुंचे थे, उस समय अभिषेक बनर्जी दूसरे आवास पर थे। बाद में वह अपने कालीघाट स्थित निवास पर लौट आए और अधिकारियों को वहीं नोटिस देने की बात कही।

कई घंटे की कोशिश के बाद सौंपा गया समन

सीआईडी की टीम बाद में कालीघाट रोड स्थित आवास पहुंची, जहां उन्हें बताया गया कि सांसद व्यस्त हैं और तत्काल मुलाकात संभव नहीं है। अधिकारियों ने किसी अन्य व्यक्ति को समन देने से इनकार कर दिया। काफी इंतजार के बाद दोपहर करीब 2:40 बजे सीआईडी टीम अभिषेक बनर्जी को नोटिस सौंपने में सफल रही।

विधानसभा हस्ताक्षर विवाद की हो रही जांच

सीआईडी अधिकारियों के मुताबिक, यह कार्रवाई विधानसभा से जुड़े कथित हस्ताक्षर विवाद की जांच का हिस्सा है। इसी मामले में अभिषेक बनर्जी को सोमवार को पूछताछ के लिए उपस्थित होने के निर्देश दिए गए थे। इससे पहले जांच एजेंसी टीएमसी विधायक नयना बंद्योपाध्याय, कुणाल घोष, बहारुल इस्लाम और चंद्रनाथ सिन्हा से पूछताछ कर चुकी है। जांच के दौरान उनके हस्ताक्षर और लिखावट के नमूने भी लिए गए हैं।

Youthwings