10वीं-12वीं के बाद करियर बनाने का मौका, सिपेट रायपुर में शुरू हुए डिप्लोमा कोर्स के एडमिशन
तकनीकी शिक्षा के जरिए बेहतर करियर बनाने की सोच रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। केंद्रीय पेट्रो रसायन अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (सिपेट) रायपुर में डिप्लोमा और पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा कोर्स में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। संस्थान का कहना है कि यहां प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले छात्रों को देश की बड़ी औद्योगिक कंपनियों में रोजगार के अच्छे अवसर मिल रहे हैं।
आधुनिक तकनीक और उद्योग आधारित प्रशिक्षण
सिपेट रायपुर की ओर से मीडिया प्रतिनिधियों के लिए एक शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें संस्थान की अत्याधुनिक लैब, मशीनें और प्रशिक्षण सुविधाओं की जानकारी दी गई। इस दौरान संस्थान के प्रधान निदेशक एवं प्रमुख डॉ. आलोक साहू ने बताया कि प्लास्टिक और पेट्रोकेमिकल सेक्टर तेजी से विस्तार कर रहा है। ऐसे में इस क्षेत्र में प्रशिक्षित युवाओं की मांग लगातार बढ़ रही है।
उन्होंने कहा कि पैकेजिंग, ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स, मेडिकल, एग्रीकल्चर और इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे क्षेत्रों में प्लास्टिक उत्पादों का उपयोग तेजी से बढ़ा है, जिससे रोजगार के नए अवसर तैयार हो रहे हैं।
छत्तीसगढ़ में विकसित हो रहा प्लास्टिक पार्क
डॉ. साहू ने जानकारी दी कि छत्तीसगढ़ में भी प्लास्टिक उद्योगों का तेजी से विस्तार हो रहा है। राज्य सरकार और केंद्र सरकार के सहयोग से रायपुर के सरोरा क्षेत्र में प्लास्टिक पार्क विकसित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में यहां कई उद्योग स्थापित होंगे, जिससे युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर मिलेंगे। ऐसे में तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं की मांग और बढ़ने की संभावना है।
कौन-कौन से कोर्स उपलब्ध
सिपेट रायपुर में फिलहाल कई तकनीकी कोर्स संचालित किए जा रहे हैं। इनमें:
डिप्लोमा इन प्लास्टिक्स टेक्नोलॉजी (DPT)
डिप्लोमा इन प्लास्टिक्स मोल्ड टेक्नोलॉजी (DPMT)
पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन प्लास्टिक्स प्रोसेसिंग एंड टेस्टिंग (PGD-PPT) जैसे कोर्स शामिल हैं। इसके अलावा सिपेट कोरबा में भी तकनीकी डिप्लोमा पाठ्यक्रम उपलब्ध हैं।
read more: कुम्हारी में दर्दनाक सिलेंडर ब्लास्ट, जिंदा जल गया पूरा परिवार; 4 साल के मासूम समेत 4 की मौत
CAT-2026 के जरिए होगा प्रवेश
संस्थान के अनुसार, प्रवेश प्रक्रिया सिपेट एडमिशन टेस्ट (CAT-2026) के माध्यम से पूरी की जाएगी। यह परीक्षा 7 जून 2026 को देशभर में ऑनलाइन आयोजित होगी। इच्छुक अभ्यर्थी 29 मई 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। संस्थान ने छात्रों से समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है।
रोजगार के बेहतर अवसर मिलने का दावा
सिपेट की स्थापना भारत सरकार और छत्तीसगढ़ शासन के सहयोग से की गई है। संस्थान का मुख्य उद्देश्य युवाओं को उद्योग आधारित तकनीकी शिक्षा और कौशल प्रशिक्षण देना है ताकि वे रोजगार के लिए तैयार हो सकें। संस्थान का दावा है कि यहां से प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले अधिकांश छात्रों को देश की नामी कंपनियों में आसानी से नौकरी मिल जाती है।
युवाओं के लिए मजबूत करियर विकल्प
प्लास्टिक और पेट्रोकेमिकल उद्योग में लगातार बढ़ती मांग को देखते हुए यह क्षेत्र युवाओं के लिए तेजी से उभरता करियर विकल्प बनता जा रहा है। ऐसे में तकनीकी शिक्षा लेकर रोजगार और बेहतर भविष्य की तलाश कर रहे छात्रों के लिए सिपेट रायपुर एक महत्वपूर्ण संस्थान के रूप में सामने आ रहा है।
