UK में ‘Dhurandhar 2’ का जलवा, शाहरुख की ‘पठान’ का रिकॉर्ड टूटा, कमाई में रचा नया इतिहास
रणवीर सिंह की फिल्म ‘Dhurandhar 2’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार इतिहास रच रही है। भारत ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी फिल्म का जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है। अब इस फिल्म ने यूनाइटेड किंगडम (UK) में एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। ‘धुरंधर 2’ ने कमाई के मामले में शाहरुख खान की सुपरहिट फिल्म ‘पठान’ को पीछे छोड़ते हुए यूके में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म बनने का गौरव हासिल कर लिया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘धुरंधर 2’ ने यूके में 34 दिनों के भीतर 4.388 मिलियन पाउंड यानी लगभग 55.55 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है। इससे पहले ‘पठान’ का लाइफटाइम कलेक्शन 4.380 मिलियन पाउंड था, जिसे अब ‘धुरंधर 2’ ने पीछे छोड़ दिया है। यह उपलब्धि बताती है कि फिल्म को इंटरनेशनल मार्केट में भी जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है।
सिर्फ यूके ही नहीं, ‘धुरंधर 2’ का दबदबा वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर भी कायम है। फिल्म ने अब तक दुनियाभर में 1761 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर ली है। वहीं घरेलू बॉक्स ऑफिस पर भी यह फिल्म 1120 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुकी है। इस शानदार प्रदर्शन के साथ ‘धुरंधर 2’ अब वर्ल्डवाइड सबसे ज्यादा कमाई करने वाली तीसरी भारतीय फिल्म बन गई है।
फिल्म की इस सफलता ने कई बड़ी फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है, जिनमें ‘पुष्पा 2’, ‘केजीएफ 2’, ‘एनिमल’, ‘जवान’ और ‘पठान’ जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्में शामिल हैं। अब ‘धुरंधर 2’ के आगे केवल ‘बाहुबली 2’ और ‘दंगल’ जैसी फिल्में ही बची हैं।
आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस स्पाई-थ्रिलर फिल्म में रणवीर सिंह एक दमदार जासूस के किरदार में नजर आ रहे हैं। फिल्म की कहानी, एक्शन और स्टारकास्ट को दर्शकों से भरपूर प्यार मिल रहा है। यही वजह है कि रिलीज के पांचवें हफ्ते में भी फिल्म की कमाई थमने का नाम नहीं ले रही है।
फिल्म के लगातार बढ़ते कलेक्शन को देखते हुए माना जा रहा है कि ‘धुरंधर 2’ आने वाले दिनों में और भी बड़े रिकॉर्ड तोड़ सकती है और बॉक्स ऑफिस पर अपनी बादशाहत कायम रखेगी।
