शनिचरी बाजार में तड़के लगी आग, दो दर्जन दुकानें जलकर राख, व्यापारियों को भारी नुकसान
बिलासपुर: बिलासपुर के शनिचरी बाजार में बुधवार तड़के भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। यह हादसा करीब सुबह 3 बजे हुआ, जब बाजार में सन्नाटा था। आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास की करीब दो दर्जन दुकानें इसकी चपेट में आ गईं। इनमें मुख्य रूप से किराना, तेल और कॉस्मेटिक की दुकानें शामिल थीं, जो पूरी तरह जलकर राख हो गईं।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन बाजार की गलियां संकरी होने के कारण आग पर काबू पाने में दमकल कर्मियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है। दुकानदारों को लाखों रुपए के नुकसान की आशंका है, लेकिन फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
यह इलाका शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में आता है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि शनिचरी बाजार में इससे पहले भी आग लगने की घटनाएं हो चुकी हैं, जिससे व्यापारियों को भारी नुकसान हुआ था।
