रायपुर में पारिवारिक विवाद ने लिया खतरनाक मोड़, जीजा पर कैंची से जानलेवा हमला
रायपुर। राजधानी से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां आपसी पारिवारिक रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया। गंज थाना क्षेत्र में एक युवक ने अपने ही जीजा पर कैंची से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, प्रार्थिया सुमित्रा दीप ने गंज थाने में शिकायत दर्ज कराई कि उनके पति रवि दीप अपने परिचित गौरव सोना के साथ गंजपारा स्थित एक देसी शराब दुकान के पास मौजूद थे। इसी दौरान आरोपी बाबू मराठी, जो रिश्ते में उनका साला है, अपने साथी आयुष गुप्ता के साथ वहां पहुंचा और पुराने विवाद को लेकर कहासुनी शुरू हो गई।
बताया जा रहा है कि करीब एक महीने पहले रवि दीप और आरोपी की मां के बीच मारपीट की घटना हुई थी, जिसके चलते दोनों पक्षों में पहले से तनाव था। इसी रंजिश के चलते विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया और बाबू मराठी ने कैंची से रवि दीप पर हमला कर दिया। इस हमले में रवि दीप के सीने और जांघ में गंभीर चोटें आई हैं।
Read more : युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रांजल तिवारी गिरफ्तार, काला झंडा दिखाने की तैयारी का आरोप
घटना के दौरान मौजूद गौरव सोना ने बीच-बचाव कर घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच जारी है।
