दुर्ग अफीम खेती मामला: निलंबित कृषि अधिकारी एकता साहू बहाल, 7 आरोपी जेल में
दुर्ग। जिले में सामने आए चर्चित अफीम खेती मामले में निलंबित ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी एकता साहू को बहाल कर दिया गया है। उन पर छत्तीसगढ़ सिविल सेवा नियमों के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए पहले निलंबित किया गया था।
मामले में अब तक कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
क्या है पूरा मामला?
दुर्ग जिले के ग्राम समोदा में मक्के की फसल की आड़ में अवैध रूप से अफीम की खेती की जा रही थी। इस मामले में भाजपा नेता विनायक ताम्रकार और उनके सहयोगियों की गिरफ्तारी के बाद यह खुलासा हुआ।
आरोप था कि संबंधित कृषि अधिकारी ने खेतों का सही सर्वेक्षण नहीं किया, जिसके चलते कागजों में मक्के की फसल दर्शाई जाती रही, जबकि जमीन पर अफीम उगाई जा रही थी।
5 एकड़ में फैली थी खेती
जांच में सामने आया कि करीब 5 एकड़ जमीन पर अवैध अफीम की खेती की गई थी। पुलिस ने मौके से लगभग ₹8 करोड़ कीमत की अफीम जब्त कर सभी पौधों को नष्ट कर दिया।

बहाली के बाद नई पदस्थापना
बहाली के बाद एकता साहू को विकासखंड धमधा में वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारी के पद पर पदस्थ किया गया है।
