राज्यसभा में छत्तीसगढ़ के लिए नई रेल परियोजनाओं और सुविधाओं की मांग
नई दिल्ली। नई दिल्ली में संसद के दौरान राज्यसभा सांसद फूलो देवी नेताम ने शून्यकाल में छत्तीसगढ़ में रेल सुविधाओं के विस्तार की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि राज्य के आदिवासी और पिछड़े क्षेत्रों को मजबूत रेल नेटवर्क से जोड़ना बेहद जरूरी है।
सांसद ने पेंड्रा रोड से अमरकंटक, डिंडोरी, मंडला, घंसौर, लखनादौन होते हुए गोटेगांव तक नई रेल लाइन परियोजना को महत्वपूर्ण बताया। उनका कहना है कि यह रेल मार्ग धार्मिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र अमरकंटक और नर्मदा क्षेत्र को बढ़ावा देगा, साथ ही क्षेत्रीय विकास को गति देगा। इस परियोजना से इटारसी जंक्शन के जरिए दिल्ली और मुंबई जैसे महानगरों से बेहतर कनेक्टिविटी भी सुनिश्चित होगी।
उन्होंने बिलासपुर को CTCE Plan-2030 में शामिल करने की मांग भी उठाई। इसके साथ ही रायपुर-सिकंदराबाद और नागपुर-मुंबई दुरंतो ट्रेनों का विस्तार बिलासपुर तक करने की बात कही, जिससे यात्रियों को सीधा लाभ मिल सके।
सांसद ने कोरबा से बीकानेर एक्सप्रेस के जल्द संचालन, कोरबा स्टेशन की पिटलाइन शुरू करने और कोरबा से नई दिल्ली के बीच सीधी ट्रेन चलाने की भी मांग की। उनका कहना है कि इन लंबित परियोजनाओं के पूरा होने से पूरे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
