Raipur Liquor Shop Protest: शराब दुकान के खिलाफ फूटा जनआक्रोश, कन्हैया अग्रवाल के नेतृत्व में घेराव, गुलाब देकर शराब छोड़ने की अपील

Raipur Liquor Shop Protest: राजधानी रायपुर के भाठागांव इलाके में संचालित देशी-विदेशी शराब दुकानों के खिलाफ आज बड़ा जनआक्रोश देखने को मिला। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री कन्हैया अग्रवाल के नेतृत्व में सैकड़ों स्थानीय नागरिकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शराब दुकान का घेराव किया और विरोध प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन का अनोखा पहलू यह रहा कि प्रदर्शनकारियों ने गांधीवादी तरीके अपनाते हुए शराब खरीदने पहुंचे लोगों को गुलाब का फूल भेंट किया और उनसे शराब न खरीदने तथा नशा छोड़ने की अपील की। इस शांतिपूर्ण विरोध के जरिए लोगों को जागरूक करने की कोशिश की गई।

प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए साफ चेतावनी दी कि यदि नेशनल हाईवे के नियमों और स्थानीय जनभावनाओं के अनुसार इन शराब दुकानों को जल्द नहीं हटाया गया, तो आने वाले समय में चक्काजाम और उग्र आंदोलन किया जाएगा।

‘डेंजर जोन बन गया मुख्य मार्ग’

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे कन्हैया अग्रवाल ने आरोप लगाया कि भाठागांव क्षेत्र में स्वामी आत्मानंद स्कूल और वालफोर्ट सिटी जैसे रिहायशी इलाकों के पास शराब दुकानें खोलकर आम लोगों की सुरक्षा को खतरे में डाल दिया गया है।

उन्होंने कहा कि सोनकर पारा, आनंद नगर, ब्रह्मदेव कॉलोनी और BSUP जैसे क्षेत्रों में महिलाओं का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। रिंग रोड और सर्विस रोड पर शाम होते ही शराबियों का जमावड़ा लग जाता है, जिससे छेड़छाड़, ट्रैफिक जाम, लूट, सड़क दुर्घटनाएं और चाकूबाजी जैसी घटनाएं बढ़ रही हैं।

बड़ी संख्या में लोग हुए शामिल

करीब दो घंटे चले इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, महिलाएं और युवा शामिल हुए। कन्हैया अग्रवाल के साथ कई सामाजिक और राजनीतिक कार्यकर्ता भी मौजूद रहे, जिन्होंने एकजुट होकर शराब दुकान हटाने की मांग को जोरदार तरीके से उठाया।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Youthwings