Raipur Drug Syndicate Busted: रायपुर में ड्रग्स सिंडिकेट का भंडाफोड़, ‘डेड ड्रॉप सिस्टम’ से हो रही थी सप्लाई, 6 आरोपी गिरफ्तार
Raipur Drug Syndicate Busted: राजधानी रायपुर में सूखा नशा और सिंथेटिक ड्रग्स के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक अंतर्राज्यीय ड्रग्स सिंडिकेट का पर्दाफाश किया है। Raipur Police की एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU), एएनटीएफ और तेलीबांधा थाना की संयुक्त टीम ने इस ऑपरेशन को अंजाम देते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 48.03 ग्राम एमडीएमए, 8 पार्टी पिल्स, 9 मोबाइल फोन, एक स्प्लेंडर बाइक और ड्रग्स सप्लाई में इस्तेमाल किया गया कुरियर बॉक्स जब्त किया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी गई है।
दिल्ली से चल रहा था पूरा नेटवर्क
जांच में सामने आया है कि इस पूरे सिंडिकेट का संचालन दिल्ली में बैठे मास्टरमाइंड महेश खड़का और कुसुम हिन्दुजा कर रहे थे। दोनों आरोपी पहले भी साल 2024 में ड्रग्स मामले में जेल जा चुके हैं।
‘डेड ड्रॉप सिस्टम’ से पुलिस को दे रहे थे चकमा
इस गैंग का काम करने का तरीका बेहद अलग और चालाक था। आरोपी ‘डेड ड्रॉप सिस्टम’ का इस्तेमाल करते थे, जिसमें ड्रग्स को सीधे ग्राहक को देने के बजाय सुनसान जगहों पर रख दिया जाता था। इसके बाद लोकेशन और वीडियो ग्राहक को भेज दी जाती थी, जिससे पुलिस की नजर से बचा जा सके।
रैपिडो राइडर और कोरियर से डिलीवरी
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि ड्रग्स को दिल्ली से कोरियर के जरिए रायपुर भेजा जाता था। यहां कुणाल मंगतानी इसे रिसीव करता था। इसके बाद रैपिडो राइडरों के जरिए ड्रग्स को अलग-अलग स्थानों पर रखवाया जाता था और ग्राहकों को लोकेशन शेयर की जाती थी। पेमेंट के लिए अलग-अलग बैंक खातों का इस्तेमाल किया जा रहा था।
ऐसे हुई पूरी कार्रवाई
एसीसीयू को सूचना मिली थी कि शहर में रैपिडो राइडरों के जरिए एमडीएमए की सप्लाई हो रही है। इसके बाद पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और डीसीपी (सेंट्रल) उमेश प्रसाद गुप्ता के निर्देशन में टीम गठित की गई।
29 मार्च को तेलीबांधा क्षेत्र के काशीराम नगर के पास पुलिस ने तीन रैपिडो राइडर, सौरभ डोंगरे, शुभम राठौर और सौरभ यादव को पकड़ा। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर कुणाल मंगतानी को गिरफ्तार किया गया।
इसके बाद पुलिस टीम दिल्ली पहुंची और पंचशील विहार से मास्टरमाइंड महेश खड़का और कुसुम हिन्दुजा को हिरासत में लेकर रायपुर लाया गया।
नाइजीरियन कनेक्शन की जांच
पूछताछ में यह भी सामने आया है कि आरोपी नाइजीरियन नागरिकों से ड्रग्स खरीदते थे। पुलिस अब इस अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन की गहराई से जांच कर रही है।
गिरफ्तार आरोपी और उनकी भूमिका
गिरफ्तार आरोपियों में कुणाल मंगतानी, सौरभ डोंगरे, शुभम राठौर, सौरभ यादव, महेश सिंह खड़का और कुसुम हिन्दुजा शामिल हैं।
- महेश खड़का और कुसुम हिन्दुजा सिंडिकेट के मास्टरमाइंड थे
- कुणाल मंगतानी कोरियर से ड्रग्स रिसीव करता था
- बाकी आरोपी रैपिडो राइडर बनकर डिलीवरी करते थे
मामला दर्ज, आगे की कार्रवाई जारी
आरोपियों के खिलाफ तेलीबांधा थाना में एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(ख) के तहत मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है।
