Kamada Ekadashi 2026: आज रखा जाएगा मार्च की आखिरी एकादशी व्रत, जानें शुभ मुहूर्त और पूजा विधि

Kamada Ekadashi 2026: हिंदू धर्म में एकादशी तिथि का विशेष महत्व माना जाता है और हर एकादशी भगवान विष्णु को समर्पित होती है। चैत्र माह के शुक्ल पक्ष में आने वाली एकादशी को कामदा एकादशी कहा जाता है, जो अत्यंत फलदायी मानी जाती है।

इस वर्ष कामदा एकादशी का व्रत आज यानी 29 मार्च 2026, रविवार को रखा जा रहा है। यह मार्च महीने और चैत्र मास की आखिरी एकादशी है, जिसे लेकर श्रद्धालुओं में खास उत्साह देखा जा रहा है।

तिथि और समय

हिंदू पंचांग के अनुसार, एकादशी तिथि की शुरुआत 28 मार्च को सुबह 8 बजकर 45 मिनट पर हो चुकी है और इसका समापन 29 मार्च को सुबह 7 बजकर 46 मिनट पर होगा। उदया तिथि के आधार पर आज ही व्रत रखा जा रहा है।

पूजा का शुभ मुहूर्त

कामदा एकादशी के दिन भगवान विष्णु की पूजा का विशेष महत्व है। आज पूजा का शुभ मुहूर्त सुबह 6 बजे से 7 बजकर 30 मिनट तक है। इस दौरान विधि-विधान से पूजा करने पर विशेष पुण्य फल की प्राप्ति होती है। साथ ही अभिजीत मुहूर्त में पूजा करना भी शुभ माना गया है।

पूजा विधि

कामदा एकादशी के दिन व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं को प्रातःकाल सूर्योदय से पहले उठकर स्नान करना चाहिए और व्रत का संकल्प लेना चाहिए। इसके बाद पूजा स्थल पर चौकी पर पीला कपड़ा बिछाकर भगवान विष्णु की मूर्ति या चित्र स्थापित करें।

पूजा के दौरान गंगाजल से स्थान को शुद्ध करें और भगवान को चंदन, पुष्प, फल, धूप-दीप, मिष्ठान और पंचामृत अर्पित करें। इसके बाद व्रत कथा का पाठ करें और अंत में आरती अवश्य करें।

व्रत का पारण अगले दिन शुभ मुहूर्त में किया जाता है।

धार्मिक महत्व

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, कामदा एकादशी का व्रत रखने से पापों का नाश होता है और व्यक्ति की सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। यह व्रत विशेष रूप से सुख-समृद्धि और वैवाहिक जीवन में खुशहाली लाने वाला माना जाता है।

Youthwings