PM Modi Meeting on West Asia Crisis: पश्चिम एशिया संकट पर पीएम मोदी की बड़ी बैठक, राज्यों को दिए अहम निर्देश

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्यों के मुख्यमंत्रियों और उपराज्यपालों के साथ वर्चुअल बैठक की, जो करीब सवा दो घंटे चली। इस दौरान प्रधानमंत्री ने राज्यों से उनकी तैयारियों की जानकारी ली और कहा कि सभी को ‘टीम इंडिया’ की तरह मिलकर काम करना होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि देश में किसी तरह का लॉकडाउन नहीं लगाया जाएगा।

 

प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकताएं आर्थिक और व्यापारिक स्थिरता बनाए रखना, ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करना, नागरिकों के हितों की रक्षा करना और उद्योग व सप्लाई चेन को मजबूत करना है। उन्होंने राज्यों से सप्लाई चेन सुचारू रखने और जमाखोरी व मुनाफाखोरी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की अपील की।

 

बैठक में कृषि क्षेत्र में अग्रिम योजना बनाने पर भी जोर दिया गया। खासकर उर्वरक भंडारण और वितरण की निगरानी को मजबूत करने के निर्देश दिए गए। साथ ही बदलती परिस्थितियों से निपटने के लिए सभी स्तरों पर मजबूत समन्वय तंत्र बनाने की आवश्यकता बताई गई।

 

प्रधानमंत्री ने सीमा और तटीय राज्यों को शिपिंग, जरूरी सप्लाई और समुद्री गतिविधियों से जुड़ी चुनौतियों पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने अफवाहों से बचने और सही व विश्वसनीय जानकारी के प्रसार पर जोर दिया।

 

बैठक में शामिल मुख्यमंत्रियों ने केंद्र सरकार के कदमों की सराहना की और कहा कि उनके राज्यों में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता बनी हुई है। उन्होंने केंद्र के साथ मिलकर स्थिति से निपटने की प्रतिबद्धता भी दोहराई।

 

सरकार ने इस संकट के बीच पेट्रोल और डीजल पर एक्साइज ड्यूटी में 10-10 रुपये प्रति लीटर की कटौती का फैसला लिया है। हालांकि इससे खुदरा कीमतों में कोई बदलाव नहीं होगा, बल्कि तेल कंपनियों को बढ़ी लागत से राहत मिलेगी।

Youthwings