Chain Snatchers Arrested : चेन लूट के आरोपी गिरफ्तार, बैंक में गिरवी रखकर लिया था 80 हजार का लोन

बिलासपुर। जिले में युवती से चेन लूटने वाले दो बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। एसीसीयू और सिविल लाइन पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को पकड़ा। लूटी गई चेन को आरोपियों ने एक निजी बैंक में गिरवी रखकर 80 हजार रुपये का गोल्ड लोन लिया था, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है।

 

घटना 23 मार्च की रात की है, जब लिंक रोड स्थित वैष्णवी विहार की रहने वाली युवती अपने भाई के साथ रेलवे स्टेशन से घर लौट रही थी। रास्ते में रामा पोर्ट के पास उनकी स्कूटी पंक्चर हो गई। इसी दौरान दो बदमाशों ने मदद के बहाने उनका पीछा किया और चेन छीनकर फरार हो गए। आरोपी शेख सलमान डिवाइडर कूदकर भागा, जबकि उसका साथी आकाश नायक बाइक लेकर मौके से निकल गया।

 

शिकायत के बाद पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें आरोपी इलेक्ट्रिक ऑटो में घूमते नजर आए। साइबर सेल की मदद से उनकी लोकेशन देवरीखुर्द और तारबाहर क्षेत्र में मिली। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

 

जांच में पता चला कि आरोपी पहले इलेक्ट्रिक ऑटो से व्यापार विहार क्षेत्र पहुंचे थे। वहां ऑटो खड़ा कर बाइक से वारदात को अंजाम दिया और फिर बाइक छिपाकर ऑटो से फरार हो गए।

 

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई चेन और गोल्ड लोन की राशि बरामद कर ली है। दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Youthwings