Excise Duty Cut On Petrol Diesel : डीजल पर एक्साइज ड्यूटी में 10 रुपये की कटौती, कीमतों को स्थिर रखने का फैसला
नई दिल्ली। ईरान युद्ध के कारण बढ़ते तेल संकट के बीच केंद्र सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर एक्साइज ड्यूटी में बड़ी कटौती का फैसला लिया है। सरकार ने दोनों ईंधनों पर 10-10 रुपये प्रति लीटर एक्साइज ड्यूटी घटा दी है।
नई व्यवस्था के तहत पेट्रोल पर लगने वाली 13 रुपये प्रति लीटर एक्साइज ड्यूटी को घटाकर 3 रुपये कर दिया गया है, जबकि डीजल पर लगने वाली 10 रुपये प्रति लीटर एक्साइज ड्यूटी पूरी तरह खत्म कर दी गई है। हालांकि, राज्य सरकारों द्वारा लगाया जाने वाला वैट पहले की तरह लागू रहेगा।
सरकार का कहना है कि यह कदम पेट्रोल-डीजल की कीमतों में संभावित बढ़ोतरी को रोकने और तेल कंपनियों को राहत देने के लिए उठाया गया है। इजराइल-ईरान युद्ध के चलते कच्चे तेल की कीमत 70 डॉलर से बढ़कर 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गई है, जिससे तेल कंपनियों पर आर्थिक दबाव बढ़ा है।
इस फैसले के बावजूद आम उपभोक्ताओं को फिलहाल कीमतों में सीधी राहत नहीं मिलेगी। सरकारी सूत्रों के अनुसार, एक्साइज ड्यूटी में कटौती से तेल कंपनियों को नुकसान से बचाया जाएगा और मौजूदा कीमतों को स्थिर रखा जाएगा।
वर्तमान में दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 94.77 रुपये प्रति लीटर और डीजल 87.67 रुपये प्रति लीटर है। मुंबई में पेट्रोल 103.54 रुपये और डीजल 90.03 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है, जबकि चेन्नई और लखनऊ सहित अन्य शहरों में भी कीमतें इसी स्तर पर बनी हुई हैं।
इससे पहले नायरा एनर्जी ने पेट्रोल के दाम 5 रुपये और डीजल के दाम 3 रुपये प्रति लीटर बढ़ाए थे, जिसके बाद सरकार ने एक्साइज ड्यूटी घटाकर स्थिति को संतुलित करने का कदम उठाया।
