12th Board Exam Paper Leak : 12वीं बोर्ड का हिंदी पेपर निरस्त, अब फिर से होगी परीक्षा, आदेश जारी
रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने कक्षा 12वीं के हिंदी विषय की बोर्ड परीक्षा को पेपर लीक के आरोपों के बाद निरस्त कर दिया है। 14 मार्च 2026 को आयोजित यह परीक्षा अब रद्द कर दी गई है और 10 अप्रैल 2026 को पुनः परीक्षा आयोजित करने का निर्णय लिया गया है।
मामले की जांच में पुलिस ने तेजी दिखाई है। 7 सदस्यीय टीम पूरे प्रकरण की जांच कर रही है और अब तक आधा दर्जन से अधिक छात्रों को पूछताछ के लिए तलब किया जा चुका है।
जांच के दौरान व्हॉट्सएप ग्रुप के जरिए प्रश्न पत्र के प्रसार की कड़ी खंगाली जा रही है। किस नंबर से और किसके माध्यम से पेपर लीक हुआ, इस पर विशेष फोकस किया जा रहा है। साइबर एक्सपर्ट, क्राइम ब्रांच और थाना स्तर की टीम तकनीकी जांच में जुटी हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी और पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।

इस मामले में माध्यमिक शिक्षा मंडल ने सिटी कोतवाली थाने में एफआईआर दर्ज कराई है, जिसके बाद साइबर सेल ने जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि छात्र संगठन NSUI ने परीक्षा से पहले सोशल मीडिया और व्हॉट्सएप ग्रुपों में सवाल वायरल होने का दावा किया था। इसके बाद संगठन ने मंडल का घेराव कर निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी।

