छत्तीसगढ़ में बदला मौसम, कई जिलों में बारिश और ओलावृष्टि, IMD का ऑरेंज अलर्ट

रायपुर सहित छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। प्रदेश में झमाझम बारिश के साथ ओलावृष्टि दर्ज की गई है, जिससे तापमान में गिरावट आई है। 20 मार्च को बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में तेज आंधी के साथ बारिश और ओले गिरे।

 

India Meteorological Department ने मौसम को लेकर बड़ा अलर्ट जारी करते हुए अगले 24 घंटों के लिए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया है। विभाग के अनुसार कई इलाकों में तेज अंधड़, बिजली गिरने और ओलावृष्टि की संभावना बनी हुई है। 21 मार्च को भी कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश और आकाशीय बिजली गिरने का खतरा रहेगा।

 

पिछले 24 घंटे में बस्तर संभाग के जगदलपुर, बकावंड और साकोला में लगभग 1-1 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 17.1 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में दर्ज हुआ।

 

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में इस बदलाव के पीछे तीन प्रमुख सिस्टम सक्रिय हैं। मध्यप्रदेश के ऊपर बना चक्रवाती घेरा नमी को आकर्षित कर रहा है। वहीं एक द्रोणिका रेखा मध्यप्रदेश से महाराष्ट्र के मराठवाड़ा और विदर्भ तक फैली हुई है, जिससे पश्चिमी हिस्सों में अस्थिरता बढ़ रही है। इसके अलावा आंध्र प्रदेश के ऊपर ऊपरी हवा का चक्रवात बंगाल की खाड़ी से नमी लाकर प्रदेश में बारिश की स्थिति बना रहा है।

 

लोगों को सलाह दी गई है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर न जाएं, बिजली गिरने के समय पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें। किसानों को भी फसल सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Youthwings