‘टपोरी की तरह आते हैं, महिलाएं असहज हो जाती हैं’: राहुल गांधी को लेकर बोलीं कंगना रनौत
कंगना रनौत ने राहुल गांधी को टपोरी कहा
भाजपा सांसद कंगना रनौत ने कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के व्यवहार को लेकर कड़ी आलोचना की है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी का आचरण संसदीय मर्यादाओं के अनुरूप नहीं है और उनका व्यवहार अन्य सांसदों के लिए असहज स्थिति पैदा करता है।
‘व्यवहार से असहज महसूस होता है’
कंगना रनौत ने कहा कि संसद परिसर में राहुल गांधी का रवैया कई बार अनुचित लगता है। उनके मुताबिक, जब कोई सांसद मीडिया से बातचीत कर रहा होता है, तब राहुल गांधी बीच में हस्तक्षेप करते हुए हूटिंग जैसी हरकत करते हैं।
उन्होंने कहा कि हम महिलाओं को उनको देखकर बहुत ज्यादा अनकंफर्टेबल भी फील होता है। क्योंकि, एकदम टपोरी की तरह वो आते हैं..और किसी को भी तू-तड़ाक करते हैं..।
प्रियंका गांधी के व्यवहार की तारीफ
इस दौरान कंगना रनौत ने राहुल गांधी की बहन प्रियंका गांधी वाड्रा के व्यवहार की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी का आचरण और शिष्टाचार बेहतर है और राहुल गांधी को उनसे सीख लेनी चाहिए।
संसद परिसर में विरोध प्रदर्शन बना विवाद की वजह
यह विवाद मौजूदा बजट सत्र के दौरान संसद परिसर में विपक्ष के प्रदर्शन के तरीके को लेकर सामने आया है। विपक्षी सांसदों ने राहुल गांधी के नेतृत्व में संसद के ‘मकर द्वार’ की सीढ़ियों पर बैठकर चाय और बिस्किट के साथ विरोध प्रदर्शन किया था। सत्तापक्ष का आरोप है कि यह कदम संसद की गरिमा के खिलाफ है और इससे संसदीय परंपराओं का उल्लंघन हुआ है।
200 से ज्यादा पूर्व अधिकारियों ने उठाए सवाल
राहुल गांधी के इस व्यवहार पर 200 से अधिक पूर्व सैन्य अधिकारियों, रिटायर्ड अफसरों, राजनयिकों और वकीलों ने भी आपत्ति जताई है। करीब 204 हस्ताक्षरकर्ताओं ने बयान जारी कर राहुल गांधी से देश से माफी मांगने की मांग की है। उनका कहना है कि संसद की सीढ़ियां किसी राजनीतिक प्रदर्शन या तमाशे का मंच नहीं होनी चाहिए। उन्होंने इसे संसदीय गरिमा के विपरीत बताते हुए कहा कि इस तरह का व्यवहार लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति सम्मान को कम करता है।
