Raipur Chakubaji News: राजधानी में चाकूबाजी के बाद पथराव, रक्सेल गैंग के युवकों का हमला, इलाके में तनाव
Raipur Chakubaji News: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कमिश्नरेट सिस्टम लागू होने के बावजूद आपराधिक घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। शहर के अलग-अलग इलाकों में चाकूबाजी, लूट, मारपीट और हत्या जैसी वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। इसी बीच रायपुर के मौदहापारा इलाके से चाकूबाजी और पथराव की घटना सामने आई है, जिसके बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
जानकारी के मुताबिक सोमवार शाम मौदहापारा क्षेत्र में दो युवकों पर हमला किया गया। आरोप है कि रवि रक्सेल, अभय और उनके साथियों ने मिलकर दोनों युवकों पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि घटना के बाद रक्सेल परिवार से जुड़े कुछ लोग अंबेडकर अस्पताल के पास स्थित मरही माता मंदिर के पास तलवार लेकर खड़े थे। इस दौरान दोनों पक्षों के लोगों के बीच माहौल और तनावपूर्ण हो गया।
घटना के बाद पीड़ित पक्ष और आरोपी पक्ष के लोगों के बीच पथराव भी हुआ। घायल युवक के परिजनों का आरोप है कि रक्सेल परिवार के लोगों ने पहले पत्थरबाजी की, जिसके बाद जवाब में पीड़ित पक्ष के लोगों ने भी पत्थर फेंके।
घटना की सूचना मिलते ही मौदहापारा थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
चाकूबाजी के 5 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, पुरानी रंजिश के चलते रवि रक्सेल, हर्ष कोसले, लोकेश रक्सेल, अभय रक्सेल और जय रक्सेल ने मोहम्मद अल्ताफ और राशिद अली पर चाकू से प्राणघातक हमला कर दिया। इस हमले में दोनों लोग घायल हो गए।
घटना के बाद माहौल और ज्यादा तनावपूर्ण हो गया, जब मरही माता मंदिर के सामने कुछ अज्ञात लोगों ने पथराव कर दिया। वहीं दूसरे पक्ष के कुछ लोगों ने तलवार लहराकर क्षेत्र में डर का माहौल बनाने की कोशिश की। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। इलाके में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चाकूबाजी और पथराव की इस घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। फिलहाल क्षेत्र में हालात पूरी तरह नियंत्रण में हैं।
