जंग के असर के बीच LPG को लेकर सख्ती, होटलों और ढाबों में घरेलू सिलेंडर के उपयोग पर प्रदेश भर में छापे

LPG को लेकर सख्ती

LPG को लेकर सख्ती

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रहे तनाव के बीच अब एलपीजी गैस की उपलब्धता को लेकर प्रशासन सतर्क हो गया है। अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच जारी संघर्ष के कारण ऊर्जा बाजार पर पड़ रहे संभावित प्रभाव को देखते हुए कई जगहों पर व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। ऐसे में छत्तीसगढ़ में घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग को रोकने के लिए प्रशासन ने सख्त कदम उठाने शुरू कर दिए हैं।

प्रदेश के कई जिलों में होटल, ढाबा और भोजनालयों में घरेलू एलपीजी सिलेंडरों के इस्तेमाल को लेकर अचानक जांच अभियान चलाए जा रहे हैं। जिला प्रशासन का कहना है कि घरेलू गैस का उपयोग केवल घरेलू जरूरतों के लिए ही किया जा सकता है, इसका व्यवसायिक उपयोग नियमों के खिलाफ है।

रायगढ़ में चला विशेष जांच अभियान

राज्य शासन के निर्देश के बाद रायगढ़ कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देश पर शहर में घरेलू एलपीजी सिलेंडरों के उपयोग को लेकर विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया। एसडीएम रायगढ़ महेश शर्मा के नेतृत्व में राजस्व और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने शहर के कई होटल, ढाबों और भोजनालयों में पहुंचकर जांच की। निरीक्षण के दौरान आमंत्रण होटल, तुलसी होटल, राजस्थानी भोजनालय और गणगौर स्वीट्स सहित कई प्रतिष्ठानों में गैस सिलेंडरों के उपयोग की स्थिति का बारीकी से परीक्षण किया गया।

व्यवसायिक उपयोग पर कार्रवाई की चेतावनी

जांच के दौरान अधिकारियों ने होटल और रेस्टोरेंट संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि घरेलू एलपीजी सिलेंडर का उपयोग केवल घरेलू जरूरतों के लिए ही निर्धारित है। यदि किसी भी प्रतिष्ठान में घरेलू गैस का व्यवसायिक उपयोग या दुरुपयोग पाया जाता है तो संबंधित संचालक के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने सभी व्यवसायिक प्रतिष्ठानों को केवल कमर्शियल गैस सिलेंडरों का ही उपयोग करने के निर्देश दिए।

गैस एजेंसियों की सप्लाई व्यवस्था की भी जांच

निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक टीम ने गैस एजेंसियों द्वारा की जा रही आपूर्ति व्यवस्था और सिलेंडरों की उपलब्धता की भी जानकारी ली। अधिकारियों ने यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की नियमित आवक और वितरण की निगरानी की जाए ताकि आम उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

प्रशासन ने लोगों से की अपील

जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे गैस की उपलब्धता को लेकर किसी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें। अधिकारियों के मुताबिक जिले में घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की उपलब्धता सामान्य है और आम उपभोक्ताओं को घबराने या अनावश्यक रूप से गैस सिलेंडर जमा करने की जरूरत नहीं है। प्रशासन ने कहा कि गैस की उपलब्धता से संबंधित जानकारी समय-समय पर प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से भी साझा की जाएगी।

बिलासपुर में भी हुई समीक्षा बैठक

इससे पहले बिलासपुर जिले में भी गैस आपूर्ति को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई थी। बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल ने खाद्य विभाग के अधिकारियों और गैस वितरकों के साथ बैठक कर सप्लाई व्यवस्था की समीक्षा की।

कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि जिले में घरेलू गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और उपभोक्ताओं को नियमित रूप से सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि घबराहट में आकर गैस का अनावश्यक भंडारण न करें।

 

Youthwings