Sakti Violence Case: झड़प में घायल कोटवार की मौत, परिजनों ने शव लेने से किया इनकार; गांव में भारी पुलिस बल तैनात

Sakti Violence Case: छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में होली के दिन हुई हिंसक घटना में घायल हुए कोटवार रथराम सिदार की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

झड़प में गंभीर रूप से घायल हुए थे कोटवार

मामला मालखरौदा थाना क्षेत्र के गोरखापाली गांव का है। बताया जा रहा है कि पुरानी रंजिश के चलते होली के दिन कुछ लोगों ने कोटवार रथराम सिदार के घर में घुसकर तोड़फोड़ की और आगजनी की घटना को अंजाम दिया। इस दौरान आरोपियों ने रथराम सिदार और उनके परिवार के सदस्यों के साथ जमकर मारपीट की।

हमले में रथराम गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिन्हें इलाज के लिए बिलासपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

गांव में पहुंचा शव, बढ़ी भीड़

मृतक का शव जब उनके गांव लाया गया तो बड़ी संख्या में ग्रामीण वहां पहुंच गए। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है ताकि किसी तरह का तनाव न फैले।

परिजनों ने शव लेने से किया इनकार

मृतक के परिजनों ने शव लेने से इनकार कर दिया है। उनका कहना है कि जब तक उन्हें उचित मुआवजा और कोटवारी जमीन मृतक के बेटे के नाम करने का आश्वासन नहीं मिलता, तब तक वे शव नहीं लेंगे।

शादी के विवाद से शुरू हुआ झगड़ा

जानकारी के अनुसार गांव में शादी को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। होली के दिन यह विवाद अचानक हिंसा में बदल गया।

आगजनी में कई वाहन जलकर खाक

घटना के दौरान आरोपियों ने आगजनी भी की, जिसमें ट्रैक्टर, पिकअप वाहन, तीन बाइक और डीजे सेट जलकर पूरी तरह नष्ट हो गए। वहीं महिलाओं के साथ भी मारपीट की गई।

सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। मामले को देखते हुए एडिशनल एसपी समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल गांव में तैनात किया गया है।

Youthwings