तेलंगाना में 130 माओवादियों का आत्मसमर्पण, 4.18 करोड़ का इनाम था घोषित
हैदराबाद। तेलंगाना में माओवादी संगठन को बड़ा झटका लगा है। मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के सामने बड़ी संख्या में माओवादी कैडरों ने आत्मसमर्पण कर दिया। अलग-अलग स्तर के कुल 130 माओवादियों ने हथियार छोड़कर मुख्यधारा में लौटने का फैसला किया है।
जानकारी के अनुसार आत्मसमर्पण करने वालों में संगठन के 3 स्टेट कमेटी मेंबर, 1 रीजनल कमेटी मेंबर, 10 डिवीजनल और डीवाईसीएम स्तर के कैडर, 40 एरिया कमेटी मेंबर और करीब 70 पार्टी मेंबर शामिल हैं।
बताया जा रहा है कि आत्मसमर्पण करने वालों में बड़ी संख्या में बस्तर मूल के माओवादी भी शामिल हैं। इनमें पीएलजीए बटालियन में सक्रिय 42, तेलंगाना स्टेट कमेटी में सक्रिय 30, दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी से जुड़े 32, सेकेंड सीआरसी के 16 और केंद्रीय समिति सदस्य देवजी की टीम से जुड़े 10 माओवादी शामिल बताए गए हैं।
इन 130 माओवादियों पर कुल 4 करोड़ 18 लाख 20 हजार रुपये का इनाम घोषित था। आत्मसमर्पण के दौरान उन्होंने सुरक्षा एजेंसियों के सामने बड़ी मात्रा में हथियार और युद्ध सामग्री भी सौंप दी।
बरामद हथियारों में 1 इंसास एलएमजी, 21 AK-47, 21 इंसास रायफल, 20 एसएलआर, 18 .303 रायफल, 1 नौ एमएम कार्बाइन, 2 नौ एमएम पिस्टल, 2 आठ एमएम बोल्ट-एक्शन रायफल, 18 देशी बंदूक और 2 बीजीएल शामिल हैं।
सुरक्षा बलों के लगातार दबाव और सरकार की पुनर्वास नीति के कारण माओवादी कैडरों ने हिंसा का रास्ता छोड़ने का फैसला किया है। सुरक्षा एजेंसियां इस सामूहिक आत्मसमर्पण को माओवादी संगठन के लिए बड़ा झटका मान रही हैं।
सरकार का कहना है कि जो भी उग्रवादी हिंसा का रास्ता छोड़कर समाज की मुख्यधारा में लौटना चाहते हैं, उनके लिए पुनर्वास और नई शुरुआत के सभी रास्ते खुले हैं।
