Congress Protest Against Raipur Film City: फिल्म सिटी प्रोजेक्ट पर बवाल, रायपुर में कांग्रेस का चिपको आंदोलन, भाजपा बोली- मुद्दों की कमी
Congress Protest Against Raipur Film City: Raipur में प्रस्तावित चित्रोत्पला अंतरराष्ट्रीय फिल्म सिटी परियोजना को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। तूता इलाके में कांग्रेस ने ‘चिपको आंदोलन’ शुरू कर दिया है। कार्यकर्ता पेड़ों से चिपककर और जमीन पर बैठकर विरोध जता रहे हैं। पार्टी का आरोप है कि फिल्म सिटी के नाम पर बड़े पैमाने पर पेड़ों की कटाई की जा रही है।
राज्य सरकार का कहना है कि फिल्म सिटी बनने से स्थानीय कलाकारों और फिल्मों को नया मंच मिलेगा, बाहरी प्रोडक्शन हाउस आकर्षित होंगे और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। करीब 100 एकड़ जमीन इस परियोजना के लिए आवंटित की गई है।
कांग्रेस का दावा है कि इन पेड़ों को उनके शासनकाल में हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से लगाया गया था। पार्टी का आरोप है कि भाजपा सरकार विकास के नाम पर पर्यावरण को नुकसान पहुंचा रही है। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि जब तक पेड़ों की कटाई पूरी तरह नहीं रोकी जाती, आंदोलन जारी रहेगा।
वहीं भाजपा ने आंदोलन को राजनीति से प्रेरित बताया है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री Shyam Bihari Jaiswal ने कहा कि कांग्रेस के पास ठोस मुद्दों की कमी है, इसलिए वे इस तरह के प्रदर्शन कर रहे हैं। भाजपा का कहना है कि फिल्म सिटी राज्य के विकास और युवाओं के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण परियोजना है।
फिलहाल, रायपुर में फिल्म सिटी को लेकर विकास बनाम पर्यावरण की बहस और तेज हो गई है।
