अंबिकापुर में ट्रैफिक जवान और युवक के बीच थप्पड़बाज़ी

अंबिकापुर। अंबिकापुर शहर में ट्रैफिक पुलिसकर्मी और एक युवक के बीच सड़क पर हुए विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में बीच सड़क पर दोनों के बीच थप्पड़बाज़ी और धक्का-मुक्की साफ दिखाई दे रही है।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, यातायात थाने में पदस्थ एक जवान शाम के समय शहर के व्यस्ततम महामाया चौक पर ड्यूटी कर रहा था। इसी दौरान एक स्कूटी पर सवार तीन युवक महामाया रोड से देवीगंज रोड की ओर जा रहे थे। यातायात नियमों के उल्लंघन के आरोप में उन्हें रोका गया और स्कूटी की चाबी निकाल ली गई।

इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।

वीडियो में क्या दिखा?

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि ट्रैफिक जवान ने पहले युवक को दो थप्पड़ मारे। इसके बाद युवक ने भी पलटवार करते हुए पुलिसकर्मी को थप्पड़ जड़ दिए। दूसरी बार हाथ उठाने पर पुलिसकर्मी ने युवक को रोक लिया।

धक्का-मुक्की के दौरान पुलिसकर्मी की टोपी और वॉकी-टॉकी सड़क पर गिर गई। दोनों ने एक-दूसरे का कॉलर भी पकड़ लिया। बाद में ट्रैफिक जवान ने वॉकी-टॉकी के जरिए थाने को सूचना दी, जबकि युवक मोबाइल पर किसी से बात करता नजर आया। मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल है।

आरोप-प्रत्यारोप

ट्रैफिक जवान ने युवक पर जातिगत गाली-गलौज करने का आरोप लगाया है। वहीं युवक का कहना है कि उसने पुलिसकर्मी को पहली बार देखा था और उसका नाम तक नहीं जानता। युवक के अनुसार, पुलिसकर्मी ने वर्दी के ऊपर जैकेट पहन रखा था, जिससे उसका नाम भी दिखाई नहीं दे रहा था। ऐसे में जातिगत टिप्पणी का आरोप निराधार है।

वीडियो सामने आने के बाद लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कुछ लोग पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठा रहे हैं, तो कुछ यातायात नियमों के पालन की जरूरत पर जोर दे रहे हैं।

Youthwings