चांदी के दामों में जबरदस्त उथल-पुथल: 19 दिनों में 1.75 लाख की गिरावट, निवेशक परेशान
चांदी
रायपुर: नए साल की शुरुआत से ही चांदी के दामों में जिस तरह की असाधारण उठा-पटक देखने को मिल रही है, उसने कारोबारियों से लेकर निवेशकों तक सभी को उलझन में डाल दिया है। बाजार के जानकारों का कहना है कि पहले कभी एमसीएक्स पर चांदी में इस तरह की अनिश्चित और तेज हलचल नहीं देखी गई थी।
बीते महीने चांदी के दाम 29 जनवरी को चार लाख का आंकड़ा पार करते हुए 4 लाख 13 हजार 700 रुपये तक पहुंच गए थे। इसके बाद महज 48 घंटों के भीतर कीमतों में भारी गिरावट दर्ज की गई और दाम करीब 1 लाख 18 हजार रुपये टूट गए। फरवरी में यह गिरावट और गहरी होती चली गई। मंगलवार को चांदी के दाम घटकर 2 लाख 38 हजार 500 रुपये पर आ गए, जबकि एक ही दिन में 9 हजार 500 रुपये की गिरावट दर्ज की गई। इससे पहले सोमवार को दाम 2 लाख 48 हजार रुपये थे।
घंटों में बदले दाम, निवेशकों की बढ़ी चिंता
29 जनवरी को बाजार बंद होते समय चांदी का भाव 4 लाख 13 हजार 700 रुपये था। अगले ही दिन 30 जनवरी को शाम 6 बजे तक इसमें 71 हजार 700 रुपये की गिरावट आ गई और दाम 3 लाख 42 हजार रुपये रह गए। इसके एक घंटे बाद जब बाजार दोबारा खुला, तो कीमतें और 11 हजार रुपये टूटकर 3 लाख 31 हजार रुपये पर पहुंच गईं। हालांकि आधे घंटे बाद इसमें 9 हजार रुपये की तेजी आई और दाम 3 लाख 39 हजार रुपये हो गए।
चांदी में इस तेज गिरावट और उतार-चढ़ाव ने उन निवेशकों को बड़ा झटका दिया है, जिन्होंने थोक में निवेश किया था। कारोबार भी इस अस्थिरता के कारण प्रभावित होता नजर आ रहा है।
रात के समय भी बड़ा झटका
30 जनवरी की रात करीब 12 बजे चांदी के दामों में एक और बड़ा झटका देखने को मिला, जब कीमतें अचानक 84 हजार रुपये टूटकर 2 लाख 55 हजार रुपये पर आ गईं। हालांकि यह स्तर ज्यादा देर तक नहीं टिक पाया और बाद में दाम पहले तीन लाख और फिर 3 लाख 5 हजार रुपये तक पहुंचे। 31 जनवरी की सुबह यही भाव बना रहा, लेकिन शाम तक कीमतें घटकर 2 लाख 95 हजार रुपये रह गईं। उस दिन सुबह से शाम तक गिरावट करीब 10 हजार रुपये की रही, जबकि उससे पहले 48 घंटों में कुल गिरावट 1 लाख 18 हजार रुपये तक पहुंच चुकी थी।
19 दिनों में 1.75 लाख रुपये की गिरावट
29 जनवरी के बाद से चांदी के दाम लगातार ऊपर-नीचे होते रहे हैं। बीते 19 दिनों में कीमतों में कुल 1 लाख 75 हजार 200 रुपये की गिरावट दर्ज की गई है। मंगलवार सुबह बाजार खुलते ही दाम 2 लाख 38 हजार 500 रुपये पर आ गए। 2 फरवरी को बाजार खुलने पर चांदी 2 लाख 62 हजार 300 रुपये पर थी। इसके बाद कीमतों में कुछ तेजी जरूर आई, लेकिन दाम तीन लाख के पार नहीं जा सके। 4 फरवरी को भाव 2 लाख 94 हजार रुपये तक पहुंचे, इसके बाद से लगातार गिरावट का दौर जारी रहा और अब कीमतें ढाई लाख रुपये से भी नीचे आ गई हैं।
सोने के दाम अपेक्षाकृत स्थिर
जहां एक ओर चांदी के दामों में भारी उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है, वहीं सोने के भाव अपेक्षाकृत स्थिर बने हुए हैं। 24 कैरेट सोने के दाम 2 फरवरी को 1 लाख 54 हजार 200 रुपये थे, जो 17 फरवरी मंगलवार को बढ़कर 1 लाख 55 हजार 400 रुपये हो गए। हालांकि 29 जनवरी को सोने के दाम सबसे ज्यादा 1 लाख 87 हजार रुपये तक पहुंचे थे, जिसके बाद से इनमें भी हल्का उतार-चढ़ाव बना हुआ है, लेकिन चांदी जैसी बड़ी हलचल नहीं देखी गई।
